Send gifts to your near and dear ones

Home » Health » 28 November 2011 »

स्वस्थ रहना है तो दिल खोलकर हंसें

महंगाई के इस दौर में जहां हर चीज महंगी है, हंसी ही सस्ती क्यों रहे, सो हंसी भी महंगी हो गयी है, जिसे लोग अब बहुत सोच-समझकर बहुत थोड़ा-थोड़ा करके खर्च करते हैं। दरअसल आज हमारी जीवनशैली ही ऐसी बन गयी है कि किसी को दम मारने की फुर्सत ही नहीं। हंसने की कौन रहे, रोने तक की फुर्सत नहीं मगर हंसना छोड़कर आप जो रोग पाल बैठेंगे, उनके इलाज के लिए तो आपको फुर्शत निकालनी ही पड़ेगी। फिर क्यों न बीमारी से बचने और जैसा बचाने के लिये ये फुर्सत के क्षण पहले ही निकाल लिए जायें।
जिन्दगी जिंदादिली का नाम है और जिंदादिल रहने के लिए उम्र की कोई पाबंदी नहीं होती। हर समय चेहरा लटकाए उदासी से घिरे रहने पर कई मनोरोग तो घेर ही लेते हैं, शारीरिक रोग भी कम नहीं होते। हृदय रोगों का एक अहम् कारण तनाव है। हंसने से ध्यान बंटने पर तनाव खत्म होता है। जीवन बनावरहित हो तो दिल की बीमारियां बहुत कम हो जायेंगी और तनाव रहित रहने का अचूक नुस्खा है बात-बात पर हंसना, ठहाके लगाना और जीवन भरपूर जीना। हंसने से जो एनर्जी लेवल बढ़ता है, उससे व्यक्ति की सोच बेहतर हो जाती है। नकारात्मक विचार तिरोहित हो जाते हैं और व्यक्ति संतुलित ढंग से समस्याओं पर गौर कर सही निर्णय लेने में सक्षम होता है।
सॉओल के संचालक डा. विमल छाजेड़ के अनुसार, ‘हंसने से हमारे मशल्स मजबूत होते हैं, ब्लड सरकुलेशन बढ़ता है, ब्लडप्रेशर नियंत्रित रहता है और हृदय ठीक रहता है। इसलिए यदि स्वस्थ रहना है तो हंसिए जरूर।’
क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डा. नयना बत्रा के अनुसार, ‘स्ट्रैस इस युग का अभिशाप है, इसके कारण कई मनोरोग पनपने लगते हैं। मैं अपने मरीजों को दवा कम, लॉफ्टर थैरेपी ज्यादा सजेस्ट करती हूं।’
यह एक जाना-माना सत्य है कि खुलकर हंसने के बाद हम बहुत हल्का-फुल्का महसूस करते है। होता यह है कि हंसने से हम भरपूर आक्सीजन ग्रहण करते हैं, जो हमें ताजगी का अहसास कराती है। इसके अलावा हंसने से ब्लड सेल्स बढ़ते हैं, ब्लड सरकुलेशन बढ़ता है, मशल्स रिलेक्स करते हैं। स्ट्रैस हारमोन एपिनोप्रिन और कार्टिसोल भी हंसने से कम हो जाते हैं।
हंसने की महत्ता समझ पाने के कारण ही आजकल हंसने पर बहुत अधिक जोर दिया जाने लगा है। जगह-जगह अब लाफिंग क्लब खुल गये हैं। शहरों में पार्कों में ही लोग हंसने की एक्सरसाइज करने लगे हैं। स्वस्थ रहने का राज है तनावमुक्त रहना और तनावमुक्त रहने के लिए जरूरी है खूब हंसना, दिल खोलकर हंसना।

jharkhandjobs.com calling all to register and search jobs