अनुबंधित चिकित्सक नियमित होंगे : मुख्यमंत्री
दुमका, 63वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री अर्जुन मुण्डा ने दुमका पुलिस लाइन मैदान में झण्डोत्तोलन किया। झण्डोत्तोलन के पश्चात अपने अभिभाषण में सर्वप्रथम देश के महान सपूतों के प्रति श्रध्दांजली अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष सरकार ने ‘बिटिया वर्ष एवं बचपन बचाओ’ तथा युवा वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया हैं। इसके तहत राज्य के बारहवें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री लाडली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया गया।
विज्ञान एवं प्रावैद्यिकी विभाग की एक विशेष योजना के अन्तर्गत ड्रॉपआउट स्टूडेन्ट एवं गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले युवक-युवतियों को स्वरोजगार प्राप्त करने हेतु नि:शुल्क तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। केन्द्र प्रायोजित योजनान्तर्गत राज्य के चार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानो को ‘सेन्टर ऑफ एक्सलेन्स’ के रूप में स्थापित किया जा रहा हैं। मंत्री परिषद द्वारा 592 निबंधित मदरसों की प्रस्वीकृति प्रदान एवं अनुदान संबंधी निर्णय को मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अनुबंध पर नियुक्त चिकित्सकाें के नियमितीकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। राज्य में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत 894 मध्य विद्यालयों को उच्च विद्यालयों में उत्क्रमित कर शिक्षकों की उपलब्धता के लिए पद सृजन कर नियुक्ति की कारवाई की जा रही हैं। चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा के अन्तर्गत 3 लाख 39 हजार 838 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराते हुए 5785 योजनायें पूर्ण की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना द्वारा इस वित्तीय वर्ष में 3000 किलोमीटर पथ का निर्माण कर 1200 गांव टोलों को जोड़ने का लक्ष्य है, अभीतक 850 गांवों को जोड़ा जा चुका है। सरकार ने शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के क्रम में बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास के लिए नीति बनाई है। उन्होंने कहा कि राज्य के ग्राम पंचायताें को 13वें वित्त आयोग द्वारा 174 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। ग्राम पंचायत एक्ट के तहत राज्य में 6 ग्राम न्यायालयों के लिए 6 न्यायिक पदाधिकारियाें का पद सृजित किया गया हैं। राजस्व प्रशासन के सुदृढ़ीकरण के लिए अभिलेखाें,खतियानों एवं मानचित्राें को कम्प्यूटरीकृत किया जा रहा हैं। नेशनल गंगा रिवर बेसिन ऑथोरिटी के तहत साहेबगंज एवं राजमहल में गंगा संरक्षण योजना के लिए 197 करोड़ रुपये का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन केन्द्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजा गया हैं। राज्य में धान अधिप्राप्ति योजना अन्तर्गत अबतक 13 लाख, 32 हजार, 291 क्विन्टल धान का क्रय किया गया है। सरकार ने साहेबगंज में बिहार- बंग़ाल सीमा के निकट गंगा नदी पर लोक -निजी भागीदारी से पुल निमार्ण का कार्य केन्द्र सरकार द्वारा करायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजनके क्षेत्र में पर्यटन का विशेष महत्व है। देवघर में बाबा बैद्यनाथ मंदिर के समीप मानसिंघी तालाब के चारो ओर 23 करोड़ की लागत से क्यू कम्पलेक्स के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री के अभिभाषण के पश्चात एक-एक कर 24 झाँकिया मंच के सामने से गुजरी। इन झांकियों में कला सांस्कृतिक खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, रांची की झांकी को प्रथम पुरस्कार, गव्य विकास, रांची को द्वितीय पुरस्कार तथा तृतीय पुरस्कार वन विभाग, दुमका को प्राप्त हुआ।
इसके पश्चात राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, राष्ट्रीय सबजूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी, सफलतापूर्वक जनवितरण प्रणाली के संचालक, जिम्मेवारीपूर्वक दायित्वों का निर्वहन करने वाले मुखिया आदि को भी सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह में 16 प्लाटूनों ने परेड में भाग लिया। आई.आर.बी.- 4 के प्लाटून कमांडर कुन्दन कुमार भगत को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, वही जे.ए.पी. -5 देवघर के लिए द्वितीय पुरस्कार प्लाटून कमांडर अवर निरीक्षक सच्चिदानन्द सिंह ने प्राप्त किया तथा एन.सी.एफ., दुमका के लिए तृतीय पुरस्कार हवलदार शेख अली खान ने प्राप्त किया।


Have your say!