यूपी के लिये भाजपा का घोषणा पत्र जारी
लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपना घोषणा पत्र आज जारी कर दिया। जारी किये गये घोषणा पत्र में भाजपा ने कहा है कि यदि यूपी में हमारी सरकार बनी तो वादा करते है कि अयोध्या में ही राम मंदिर बनेगा। एक बार फिर से भाजपा ने यूपी चुनावों में राम मंदिर के मुद्दे को उछाल दिया है। यूपी के भाजपा पार्टी अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि हमारी सरकार में गरीब सवर्णों को आरक्षण दिया जायेगा। इसके अलावा राज्य में सशक्त लोकायुक्त बनेगा।
बताया जा रहा है कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में पिछड़ा कार्ड खेलते हुए ओबीसी कोटे से आरक्षण खत्म करने की बात कही है। पार्टी ने कहा कि ओबीसी कोटे में दिये गये 4.5 फीसदी आरक्षण को हमारी पार्टी खत्म करेगी। इसके अलावा किसानों को 1 लाख्र रूपए देने की भी बात कही गई। बुनकरों और किसानों को क्रेडिट कार्ड देंगे। भाजपा ने पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देने की भी बात कही। 65 साल से ऊपर लोगों को मुफ्त अनाज देने के बारे में भी कहा गया। भाजपा ने राज्य में युवाओं के लिए 5 लाख नौकरी देने की भी बात कही। वहीं बेरोजगार युवाओं को 2 हजार महीना नकद देने की बात कही। जबकि गरीब छात्राओं को मुफ्त साइकिल देने की भी घोषणा की। वहीं 12वीं तक के छात्र- छात्राओं को मुफ्त में किताब और यूनिफार्म देने का वादा किया। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में कहा कि राज्य में यदि सरकार बनती है तो मध्य प्रदेश और गुजरात की तरह राज्य का विकास किया जायेगा। इसके अलावा बीएसपी सरकार के किये गये घोटाले की जांच के लिए कमेटी का भी गठन किया जायेगा।


Have your say!