तकनीकी शिक्षा समय की मांग : विमल कीर्ति सिंह
रातू, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव विमल कीर्ति सिंह ने कहा कि गांवों में शिक्षा समेत मूलभूत सुविधाओं की कमी उग्रवाद व पलायन के मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छे स्कूलों का खुलना एक सुखय अनुभूति है। वह सोमवार को हेथा पतरा टोली में पूर्व आईएएस रणविजय भूषण नाथ शाहदेव की स्मृति में नवस्थापित आरबी स्प्रींगडेन नामक पब्लिक स्कूल की तीसरी शाखा के उद्धाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता आधारित तकनीकी शिक्षा समय की मांग है। कीर्ति सिंह ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा के गिरते स्तर पर भी चिन्ता व्यक्त की। उन्होंने बच्चों को प्रतियोगी बनाने पर विशेष जोर दिया। इससे पूर्व ऊर्जा सचिव ने विद्यालय के नवनिर्मित भवन का फीताकाट, दीप प्रज्जवलित व स्व. महादेव के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह की विधिवत शुरुआत की। स्वागत भाषण स्व. शाहदेव की विधवा और विद्यालय की निदेशक मीरा शाहदेव ने दिया। उन्होंने बताया कि स्कूल में सीबीएसई पध्दति से पठन-पाठन की व्यवस्था की गयी है। यहां बच्चों को दशवीं तक की शिक्षा दी जायेगी। उन्होंने जानकारी दी कि स्कूल की यह तीसरी शाखा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से विद्यालय विकास में अपेक्षित सहयोग की अपील भी की। समारोह में स्कूली बच्चों ने अपनी गायन व नृत्य कला से दर्शकों व श्रोताओं का मनमोह लिया। गणेश वंदना पर आधारित नृत्य को लोगों ने खूब सराहा। संचालन रवि चक्रवर्ती ने किया। मौके पर भाजपा के दीपक प्रकाश, झाविमो के अजयनाथ शाहदेव व दैनिक सन्मार्ग के प्रधान सम्पादक हरिनारायण सिंह समेत मुखिया किशुन उरांव, ऋषि अजातशत्रु, कुणाल आजातशत्रु, रमीना शाहदेव, पुरुषोत्तम तिवारी, असरफुल अंसारी आदि मौजूद थे। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका मीना वर्मा, प्रवीण सिंह, रेणु कुमारी, ऐनुल हक, किरण माहेश्वरी, फरजाना परवीन, नाजिया परवीन, कांति शर्मा, काकुली देवघरिया, कुमारी प्रतिमा, मिनी चौरसिया, भोपाली बोस, सुदिप्ता बोस व कुमारी पूजा आदि की सराहनीय भूमिका रही।


