संत मारग्रेट स्कूल का स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न
रांची, बहु बाजार स्थित संत मारग्रेट स्कूल का 127वां स्थापना दिवस आज मनाया गया। इस अवसर पर संत पॉल चर्च में धन्यवादी अनुष्ठान का आयोजन किया गया। बिशप बीबी बास्के ने अनुष्ठान संपन्न किया। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर छात्राओं ने लोगों का पूरा मनोरंजन किया। समारोह की मुख्य अतिथि स्कूल की पूर्व छात्रा एवं स्वास्थ्य विभाग की पूर्व उपनिदेशक डा.सरोज तिर्की ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास जरूरी है। बच्चे मानसिक, बौध्दिक, शारीरिक, आत्मिक विकास के बिना सफल नागरिक नहीं बन सकते। इसके लिए पढ़ाई के साथ- साथ अन्य गतिविधियों का आयोजन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वावलंबन की शिक्षा देना जरूरी है। यह समय की मांग है। पूर्व प्राचार्या रोज मेरी हंस ने अनुशासन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनुशासन के बिना जीवन बेकार है। अनुशासन से ही जीवन में मोती की तरह की चमक आती है। अनुशासनप्रिय व्यक्ति को जीवन में सफलता अवश्य मिलती है। छोटानागपुर डायोसिस सीएनआई चर्च के पूर्व मॉडरेटर बिशप जेड.जे. तेरोम ने कहा कि आज ज्ञान और बुध्दि के बिना आगे बढ़ना मुश्किल है। इसके लिए गंभीरता से अध्ययन जरूरी है। देश-दुनिया की अद्यतन खबरों की जानकारी रखना आवश्यक हो गया है। समारोह में बोर्ड परीक्षा की टॉप टेन छात्राओं, प्रत्येक कक्षा की प्रथम, द्वितीय, सबसे अधिक उपस्थिति तथा प्रत्येक विषय में 80 से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। संत मारग्रेट राज्य का ऐसा पहला स्कूल है जहां सबसे पहले लड़कियों की शिक्षा की व्यवस्था की गयी थी। स्कूल की स्थापना 1885 में हुई थी।


