पंडरा में दिनभर मचा रहा बवाल
रांची, मामूली बात को लेकर उठे विवाद के बाद आज दूसरे दिन पंडरा का माहौल काफी तनावपूर्ण रहा। एक गुट के लोगों ने आज दिनभर बवाल काटा तथा उत्पात मचाया।
सुबह करीब नौ-साढ़े नौ बजे से ही गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब दो-ढाई सौ लोग लाठी-डंडे के साथ पंडरा कृषि बाजार के समीप सड़क जाम कर दी तथा पंडरा ओपी में पहुंच कर दूसरे गुट के लोगों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। इनमें महिलाएं भी काफी संख्या में शामिल थीं। पंडरा कृषि बाजार के पहले भी एक स्थान पर सड़क जाम की गयी। किसी भी वाहन को पंडरा की ओर नहीं जाने दिया गया। इस दौरान पंडरा कृषि बाजार सहित आसपास की सभी दुकानें बंद करा दी गयीं। तनाव एवं दहशत को देखते हुए पंडरा से लेकर पिस्का मोड़ तक की सभी दुकानें बंद हो गयीं। पिस्का मोड़ से पंडरा की ओर जाने वाले लोगों को रोक दिया गया या इटकी रोड की ओर से जाने को कहा गया।
पिस्का मोड़ से पंडरा तक दिनभर दहशत का माहौल बना रहा। सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कई वाहनों को निशाना बनाया तथा शीशे तोड़ दिये गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को दिनभर काबू में करने का प्रयास किया। लेकिन लोग नहीं माने।
दिन के करीब पौने तीन बजे सिटी एसपी बिपुल शुक्ला, सदर एसडीओ शेखर जमुआर की उपस्थिति में लोगों ने एक मोटरसाइकिल (यामाहा, प्रेजर, जेएच 01-एक्यू 1357) को लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया तथा उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद सुबह से सब्र धारण किये पुलिसकर्मियों को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा। उत्पात मचा रहे कई लोगों पर पुलिस ने लाठियां बरसायीं तथा उन्हें खदेड़ दिया। सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोग आसपास की बस्ती में भाग गये। तब जाकर जाम हटाया जा सका। इसके बाद काफी संख्या पुलिसकर्मियों को वहां तैनात कर दिया गया। देर शाम तक पंडरा तथा इसके आसपास के लोग काफी दहशत में रहे। पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने अपने-अपने घरों में ही रहना मुनासिब समझा। इससे पूर्व पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग नहीं माने। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी। सिटी एसपी, सदर एसडीओ तथा कई डीएसपी भी मौके पर मौजूद थे।
क्या है मामला- बृहस्पतिवार की शाम पंडरा बस्ती के सौरभ कुमार वर्मा, संजय टोप्पो और आकाश पंडरा से लौट रहे थे। उस समय वहीं का रहने वाला ऑटो चालक अनिस ऑटो लेकर अपने घर जा रहा था। तीनों युवकों ने उससे घर छोड़ने को कहा, लेकिन अनिस नहीं गया। इस पर युवकों ने अनिस की पिटाई कर दी। अनिस ने बस्ती वालों की इसकी सूचना दी। इसके बाद सैकड़ों लोगों ने पिटाई करने वाले तीनों युवकों की पिटाई कर दी। इसके बाद से माहौल और गरम हो गया तथा तनावपूर्ण वातावरण बन गया। इसके बाद शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या दूसरे गुट के लोग मारपीट करने वालों के घरों पर टूट पड़े। पंडरा कृषि बाजार के समीप सड़क जाम कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ भी की गयी। लेकिन सही समय पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। इसके बाद आज फिर लोगों ने सड़क जाम कर दी।
परेशान रहे आम लोग : सड़क जाम तथा प्रदर्शन के दौरान दिनभर आम लोग परेशान रहे। उन्हें पंडरा की ओर जाने से रोक दिया गया। स्कूली बच्चे भी काफी परेशान रहे। दिन में आई वर्षा के समय भींगते हुए स्कूली बच्चों को जाना पड़ा। वहीं पंडरा की ओर जाने से रोके जाने पर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। न पिस्का मोड़ से लोगों को पंडरा की ओर जाने दिया गया और न ही रातू की ओर से ही लोगों पंडरा की और जाने दिया गया। लोग परेशान रहे। स्कूली बच्चों को काफी अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। पिस्का मोड़ से पंडरा तक बच्चों को पैदल ही जाना पड़ा।
सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा, दहशत में रहे लोग : सड़क जाम के दौरान पिस्का मोड़ से पंडरा तक दहशत का माहौल बना रहा। इस दौरान सकड़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। वाहने नहीं चले। पिस्का मोड़ से पंडरा तक की सभी दुकाने बंद रहीं। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। दिनभर लोग पंडरा की स्थिति जानने को उत्सुक रहे।


