Send gifts to your near and dear ones

Home » Ranchi » 5 August 2012 »

मूसलाधार वर्षा, निचले इलाकों में पानी घुसा

रांची, राजधानी रांची में कल रात से मूसलाधार वर्षा हो रही है। रूक-रूक कर हो रही वर्षा के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। इसके कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। वैसे तो पिछले एक सप्ताह से वर्षा हो रही है लेकिन आज सुबह से भीषण वर्षा होने के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।
लगातार वर्षा होने के कारण राजधानी की सड़कों पर जल जमाव हो गया। जगह-जगह पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही है।
पिछले एक सप्ताह से हो रही वर्षा के कारण शहर के सभी डैमों में पानी लगातार भर रहा है। कांके डैम पूरा तो नहीं भरा है फिर भी पर्याप्त पानी जमा हो गया है। एक सप्ताह पूर्व तक लग रहा था कि झारखंड में सूखा पड़ेगा परन्तु पूरे राज्य में लगातार अच्छी वर्षा हुई है। किसानों ने राहत की सांस ली है। वर्षा के अभाव में धान की बोआई प्रारम्भ में प्रभावित हुई थी परन्तु अब किसानों ने राहत की सांस ली है। इस वर्षा के कारण पानी की कमी नहीं होने की उम्मीद बढ़ गयी है। किसान खेतों में बोआई का काम तेजी से कर रहे हैं।
झारखंड में औसतन 12 सौ से 14 सौ मिलीमीटर वर्षा होती है। यदि वर्षा की यही रफ्तार जारी रही तो इतनी वर्षा के करीब झारखंड पहुंच सकता है।
झारखंड में कृषि क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या यहां वर्षा पर पूरी तरह निर्भरता है। राज्य में केवल 8 से 10 प्रतिशत ही सिंचित क्षेत्र है जहां खेती के लिए वर्षा पर निर्भर नहीं रहना पड़ता है। इतने सिंचित क्षेत्र में करीब दो लाख हेक्टेयर कृषि भूमि आती है। कुल 15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खेती के लिए किसानों को पूरी तरह वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। झारखंड सरकार ने एक सप्ताह पूर्व सूखे की आशंका को लेकर राहत के लिए 425 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी थी।
लेकिन इन्द्र भगवान ने कृपा वर्षायी और लगातार वर्षा हो रही है। इतनी वर्षा होने के बावजूद झारखंड में कम फसल होने की आशंका भी मंडरा रही है।

jharkhandjobs.com calling all employers