आइएसएम में अब चीनी, फ्रेंच व जर्मन भाषा की होगी पढ़ाई
धनबाद, तकनीकी क्षेत्र में अपने संस्थान का नाम रौशन करने वाले आइएसएम के छात्र अब चीनी, जर्मन और ौंच भाषा की भी पढ़ाई कर सकेंगे। छात्रों को इन तीन विदेशी भाषाओं में पारंगत बनाने के लिए संस्थान ने सेंटर आफ लेंग्वेज एंड कल्चर के साथ करार किया है। गोल्डन जुबली हाल में इस कार्यक्रम का उद्धाटन संस्थान के निदेशक प्रो.डीसी पाणिग्रही ने किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में छात्रों को न केवल हिंदी-अंग्रेजी बल्कि अन्य विदेशी भाषाएं भी सीखनी चाहिए। हर देश की भाषा वहां की संस्कृति बयां करती है और किसी भी देश की संस्कृति को बेहतर ढंग से तभी जाना जा सकता है जब वहां की भाषा की जानकारी हो। ह्यूमनिटी एंड सोशल साइंस विभाग के प्रोफेसर एके बेहुरा ने कहा कि हर शनिवार व रविवार को तीन घंटे की क्लास होगी। हर भाषा में 40 सीटें रखी गयी है। जनवरी तक स्पेनी और जापानी भाषा की पढ़ाई भी शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। जो विदेशी भाषा सीखना चाहते है वे ह्यूमनिटी एंड सोशल साइंस विभाग से संपर्क कर सकते हैं।


