बंगाल के स्कूलों में सेक्स एजुकेशन!
कोलकाता, स्कूलों में यौन शिक्षा को पाठयक्रम में शामिल करने के मुद्दे पर केन्द्र सरकार के प्रयासों को थोड़ा बल मिला है। पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (डब्ल्यूबीसीएचएसई) ने इस मुद्दे पर हरी झंडी दिखा दी है। परिषद अब इस मसले पर अगला कदम उठाने की तैयारी में है। डब्ल्यूबीसीएचएसई के चेयरमैन मुक्तिनाथ चट्टोपाध्याय ने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से मिले प्रस्ताव को हमने स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत कक्षा 9 से 12 तक के पाठयक्रम में यौन शिक्षा को शामिल किया जायेगा। दूसरी तरफ इस मुद्दे पर पूछे जाने पर राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने हैरानी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनके पास कोई जानकारी नहीं है। वे नहीं जानते कि ऐसा कोई कदम उठाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कई राज्यों ने स्कूलों में यौन शिक्षा को पाठयक्रम में शामिल करने से इनकार कर दिया है। सबसे पहले दक्षिण के राज्यों ने केन्द्र के इस प्रस्ताव का विरोध किया है। दूसरी तरफ केन्द्र सरकार स्कूलों के पाठयक्रम में यौन शिक्षा को शामिल करने का हरसंभव प्रयास कर रही है। वह इस मुद्दे पर आम सहमति बनाने की कोशिश में है।


