राज्य गठन का उद्देश्य पूरा नहीं हुआ : शरद
मैथन (धनबाद), मैथन श्रमिक कल्याण केंद्र में आज से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का दोदिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्धाटन किया। शिविर में पार्टी के कई केंद्रीय नेता, बिहार के मंत्री सहित राज्य के तमाम आला नेता उपस्थित हैं। उद्धाटन समारोह को संबोधित करते हुए शरद यादव ने कहा कि देश के कण- कण में भ्रष्टाचार का समावेश हो गया है। 2जी स्पेक्ट्रम तथा कामनवेल्थ गेम सहित कई ऐसे घोटाले केंद्र की वर्तमान भ्रष्ट सरकार के कारनामों को प्रगट करता है। उन्होंने बताया कि झारखंड में आदिवासियों के उत्थान के लिए अलग राज्य का गठन किया गया था। लेकिन अगर सर्वे कराया जाय तो राज्य गठन के बाद आदिवासियों का कोई उत्थान नहीं, बल्कि उनका विनाश हुआ है। उन्होंने कहा कि बिहार के समय ऐसी स्थिति नहीं थी। मैं तो कभी नहीं चाहता था कि राज्य अलग हो। उन्होंने बताया कि जिस देश में भ्रष्टाचार के मामले में 127 मंत्री जेल में हों उस देश का भगवान मालिक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का अह्वान किया कि वह बिहार के तर्ज पर झारखंड में एक बेहतर वातावरण तैयार करें। इसके लिए अभियान चलाकर गांव- गांव तक जायें और लोगों सही स्थिति से अवगत करायें ताकि गलत लोगों पर लगाम लगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अनुशासित रहें तभी आगे कुछ कर सकेंगे। जो लोग अनुशासित नहीं हैं उनके खिलाफ पार्टी सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि राजग में कहीं कोई कमी नहीं है, सबकुछ ठीक-ठाक है। यह गड़बड़ी सिर्फ विरोधियों की नजरों में हैं। इससे पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता।
बिहार के कृषिमंत्री नरेंद्र सिंह ने कहा कि झारखंड की स्थिति देखकर बिहार ही नहीं पूरे देश में लोगों को तकलीफ होती है। यहां कल- कारखाना रहकर भी कुछ नहीं हुआ और बिहार में कल- कारखाना नहीं रहने के बावजूद शून्य से कहां पहुंच गया। उन्होंने बिहार के तर्ज पर इस राज्य को आगे ले जाने पर बल दिया। बिहार के मंत्री भीम सिंह ने भी झारखंड के पार्टी कार्यकर्ताओं का अह्वान किया कि वे राज्य को पटरी पर लाने के लिए जदयू के सच्चे सिपाही बनकर काम करें। आप सुधरें, विश्वास रखें पार्टी खुद सुधर जायेगी और आप अन्य को पछाड़ कर एक नंबर में होंगे। शिविर के उद्धाटन समारोह को प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो, जिला अध्यक्ष पिंटू कुमार सिंह, रामचंद्र केशरी, लालचंद महतो सहित कई अन्य ने संबोधित किया। शिविर कल तक चलेगा। शिविर में पार्टी के सुदृढ़ीकरण, अनुशासन तथा संगठन के कार्यक्रम को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार होगी।


