इंगलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर सिरीज किया बराबरी
बर्मिंघम, क्रेग किसवेटर के शानदार अर्ध्दशतक की बदौलत इंगलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को बुधवार को वर्षा बाधित तीसरे और आखिरी मैच में 28 रनों से हराकर जीत दर्ज करने के साथ ही सिरीज को 1-1 से बराबर कर दिया। भारी बारिश के कारण तीसरे टी-20 मैच को 11 ओवर का करना पड़ा। इसके बाद टास जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने इंगलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। इंगलैड ने 11 ओवर के इस मुकाबले में पांच विकेट पर 118 रन बनाए। इंगलैंड की ओर से पहले बल्लेबाजी करने उतरे किसवेटर ने 32 गेंदों पर तीन धुआंधार छक्कों और शानदार चौकों की मदद से सर्वाधिक 50 रन बनाए। इसके अलावा जोस बटलर ने सबसे अधिक नाबाद 32 रनों की अहम पारी खेली और टीम के स्कोर को सम्मानजनक 118 के स्तर पर पहुंचा दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से जोहान बोथा और मोर्न मोर्कल ने इंगलैंड के दो-दो तथा वेन पार्नेल ने एक विकेट झटका। लेकिन टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम इंगलैंड के 119 रनों के लक्ष्य का पीछा नहीं कर सकी और 11 ओवरों में पांच विकेट पर महज 90 का स्कोर ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से पहले बल्लेबाजी करने उतरे रिचर्ड लेवी तो महज 01 रन पर ही बोल्ड हो गए। इसके बाद हाशिम अमला ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 36 का स्कोर जोड़ा। अमला ने 27 गेंदों पर छह चौकों की मदद से यह स्कोर बनाया। लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीका टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका।


