झामुमो 28-28 महीने सत्ता दायित्व संभालने की शर्त पर कायम : शिबू
रांची, झाारखंड मुक्ति मोर्चा और राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने आज यहां खुलासा किया कि भाजपा और झामुमों के बीच 28-28 महीने के अन्तराल पर राज्य में सत्ता का दायित्व संभाने का फैसला हुआ था। उनकी पार्टी पूर्व की शर्त के अनुरूप इस नीति पर कायम है। वहीं उन्होंने राज्य सरकार के काम काज पर भी संतोष जाहिर किया। श्री सोरेन दुमका दौरे के क्रम में आज अपने दुमका स्थित आवास में संवाददाताओं के साथ बातचीत में खुलासा किया कि पूर्व में भाजपा और झामुमो के बीच 28-28 महीेने राज्य में शासन और प्रशासनिक दायित्व संभालने का आपस में समझौता हुआ था। इस आधार पर उनकी पार्टी इस शर्त पर कायम है। उन्होंने कहा कि भाजपा, झामुमो और आजसू गठबंधन की सरकार बेतहर कार्य कर रही है। उन्होंने 28 महीने के बाद सत्ता परिवर्तन के सवाल पर कहा कि समय आने पर इस पर विचार किया जायेगा। श्री सोरेन ने कोल ब्लाक आंवटन गड़बड़ी के सवाल पर जनप्रतिनिधियों को क्लीन चिट देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा कोल ब्लाक के आवंटन से संबंधित अनुशंसा किया जाना गलत नहीं है । उन्होंने कहा कि अनुशंसा को कार्यान्वित किये जाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को नियमों पर गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आवंटन में गड़बड़ी के लिए संबंधित अधिकारियों को चिन्हित किया जाना चाहिए। श्री सोरेन ने डीजल की कीमत में वृध्दि और रसोई के गैस का कोटा निर्धारित किये जाने पर असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार को आम लोगों के हितों को ध्यान में रखकर कोई निर्णय लेना चाहिए । महंगाई पर अंकुश नही लगाये जाने से आम लोगों के लिए दो जून की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने केन्द्र सरकार से मूल्य वृध्दि को वापस लेने की दिशा में पहल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। राज्य में डीजल और रसोई गैस में वैट कम करने के संबंध में राज्य सरकार को निर्देश देने के संबंध में उन्होंने इस पर राज्य सरकार से विचार विमर्श करने की बात कही । श्री सोरेन ने चुनाव की तैयारी के संबंध में कहा कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं । उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी दल से चुनावी तालमेल नहीं होगा बल्कि झामुमो अपने बलबूत अकेले सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।


