Send gifts to your near and dear ones

Home » Entertainment » 16 September 2012 »

सलमान खान के पास है अलादीन का चिराग

आज बॉलीवुड में सलमान खान, सबसे ज्यादा बिकाऊ स्टार हैं और उनकी यह पोजीशन पिछले तीन साल से लगातार कायम है। सलमान खान की फिल्मों ने पिछले काफी समय से बॉक्स आफिस के लिए संजीवनी का काम किया है।

सलमान खान को आज दिलों-जान से चाहने वालों की कोई कमी नहीं है। सलमान की फैन-फॉलोइंग के बारे में सारी दुनिया जानती है। मुम्बई में बांद्रा स्थित सलमान का घर आज किसी टूरिस्ट स्पॉट से कम नहीं है। सलमान के प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए सुबह से शाम तक उनके घर के बाहर खड़े रहते हैं।

एक्टर और डांसर
सलामन खान की अपनी एक विशेष अदा है, जो उनके प्रशंसकों को सबसे ज्यादा भाती है। इस उम्र में भी प्रशंसक लगातार उनके साथ जुड़ते जा रहे हैं। यह काफी आश्चर्यजनक है कि उम्र के इस दौर में जब कि प्रशंसकों की संख्या घटना शुरू होती है, उनके प्रशंसकों की संख्या में इजाफा देखकर सभी को आश्चर्यमिश्रित खुशी होती है।

एक्टिंग में भी सलमान का एक अलग ही अंदाज है। वह किसी की भी नकल नहीं करते बल्कि उन्होंने खुद की एक बिल्कुल ही अलग एक्टिंग शैली ईजाद की है। आज दूसरे एक्टर सलमान की नकल कर रहे हैं। अक्षय कुमार ने ‘राउडी राठौर’ में खुलेआम सलमान की नकल की है और अक्षय खुल कर इस बात को स्वीकार भी करते हैं।

अक्षय कुमार का कहना है कि यदि उन्हें सलमान खान का स्टाइल अपना कर फायदा होता है तो इसमें उन्हें कोई बुराई नजर नहीं आती। अक्षय कुमार को यदि ‘राउडी राठौर’ के लिए सफलता मिलती है तो इसके लिए उन्हें सलमान का शुक्रगुजार होना चाहिए।
सलमान खान जितने शानदार एक्टर हैं, उससे कहीं बेहतर वह डांसर हैं। ‘वांटेड’ के दौरान सलमान की डांसिंग से फिल्म के निर्देशक प्रभुदेवा बहुत ज्यादा प्रभावित हुए थे जो खुद भी एक बहुत अच्छे डांसर हैं। भाई अरबाज खान द्वारा निर्देशित ‘दबंग-2′ में भी सलमान एक धमाकेदार आइटम नम्बर करने जा रहे हैं ‘पांडे जी सीटी मारें।’

सलमान और अरबाज खान दोनों का दावा है कि सलमान के इस आइटम को देख कर लोग सलमान के पुराने डांस नम्बर्स को भूल जायेंगे। सलमान ने जिस तर कैरियर की शुरुआत से आज तक अपनी सफलता को स्थाई बनाये रखा है, उसे देख कर तो यही लगता है कि उनकी कुंडली में लगातार शुक्र की दशा रही है।

सलमान खान की पिछली फिल्मों ‘वांटेड’, ‘दबंग’, ‘रेडी’ और ‘बॉडीगार्ड’ के कलेक्शन से साफ हो जाता है कि आंकड़ों के खेल में आज सलमान सबसे आगे हैं। सलमान खान के प्रशंसक, उनसे हमेशा मसाला कमर्शियल की अपेक्षा करते हैं और इस अपेक्षा पर हरदम वह खरे भी उतरे हैं।

सलमान खान की तीन फिल्में इन दिनों तेजी से बन रही है। यशराज बैनर की टैकरीना स्टारर ‘एक था टाइगर’, भाई अरबाज द्वारा निर्देशित होम प्रोडक्शन वाली ‘दबंग-2′ और ‘शेर खान’ ये तीनों ही बड़ी फिल्में हैं। इन फिल्मों से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।
सलमान खान दर्शकों की नब्ज पूरी तरह पहचान चुके हैं। उन्हें पता है कि दर्शकों को क्या पसंद आता है और क्या नहीं। सलमान को पता है कि दर्शक उनसे क्या चाहते हैं और आजकल सलमान सिर्फ वही करते हैं जो दर्शक उनसे चाहते हैं। इस संबंध में सलमान का साफ शब्दों में कहना है कि ‘खुद के लिए बहुत फिल्में कर ली, अब सिर्फ दर्शकों की खातिर फिल्में करना चाहता हूं।

यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि सलमान आज बेहद लोकप्रिय स्टार हैं और ऐसे इकलौते कलाकार हैं जिनकी फिल्मों के सुबह 9 बजे से 11 बजे तक के सभी शो हाउसफुल जाते हैं। उनका शरीर इस तरह का है कि उनकी शर्ट फाड़ने वाले दृश्य की कल्पना करना फिल्मकारों के लिए बेहद लाजमी हो चुका है। यदि उनके चेहरे पर मासूमियत नजर आती है तो उनका जिस्म किसी योध्दा की तरह नजर आता है।

दर्शकों की दीवानगी
सलमान अपने दम पर किसी भी फिल्म को हिट करवा सकते हैं। उनका कैरियर आज बुलंदियों पर है। ‘बॉलीगार्ड’ के पहले करीना कपूर के साथ सलमान को ज्यादा सफलता नहीं मिल सकी लेकिन आज सबसे कामयाब करीना के साथ भी दर्शकों को सलमान की जोड़ी बेहद पसंद आ चुकी है।

यशराज बैनर जो कभी सिर्फ शाहरुख की मुट्ठी में माना जाता था, सलमान के साथ इस बैनर का काम करना नामुमकिन सा नजर आता था, यही यशराज बैनर आज शाहरुख के इस सबसे बड़े दुश्मन के साथ काम कर खुद की किस्मत पर फूला नहीं समा रहा है।
सलमान और प्रियंका चोपड़ा कभी खास दोस्त माने जाते थे लेकिन दोनों के बीच काफी समय से अनबन चली आ रही है और इस अनबन की सबसे बड़ी वजह शायद यही है कि प्रियंका को शाहरुख की माशूका माना जाने लगा है। सलमान को शाहरुख और उनसे जुड़ी हर चीज नापसंद है बल्कि ऐसी चीजों से सलमान नफरत करते हैं।
सलमान खान या उनके परिवार द्वारा कभी कोई इवेंट पार्टी आर्गनाइज की जाती है, तब प्रियंका का नाम मेहमानों की लिस्ट में नहीं होता। केवल यही नहीं, सलमान तो प्रियंका को नीचा दिखाने का कोई अवसर भी खाली नहीं जाने देते बल्कि उस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हैं।

‘बॉडीगार्ड’ की सफलता के बाद सलमान ने करीना कपूर को रियल देसी गर्ल कह कर प्रियंका पर कटाक्ष किया। जैसा कि सभी जानते हैं, देसी गर्ल का टैग ‘दोस्ताना’ के बाद से प्रियंका की सबसे बड़ी दुश्मन करीना की प्रशंसा कर उन्होंने प्रियंका पर खुली चोट की।
सलमान खान ने अपनी गलतियों से सबक लेकर खुद के अन्दर जबर्दस्त सुधार किया है। उनकी एक्टिंग और उनका स्टाइल सीधे दिल पर सर करती है। पर्दे पर उन्हें देख कर भद्र दर्शकों का दिल भी सीटी बजाने को करता है लेकिन वे कुछ सीमाओं में बंधे रहने की वजह से चाह कर भी ऐसा नहीं कर पाते।
सलमान खान के लिए अभिनय ज्यादा मुश्किल नहीं है क्योंकि वह कभी किसी किरदार को निभाने के लिए उसकी तैयारी नहीं करते बल्कि इसके विपरीत वह अपने हर किरदार को सलमान बना देते हैं।
दर्शक भी सलमान की कोई फिल्म उनके किसी किरदार को देखने के लिए नहीं देखते बल्कि वह फिलम में सिर्फ सलमान के दीदार की खातिर जाते हैं। यदि दर्शकों की सोच और ख्वाहिश के मुताबिक सब कुछ ठीक ठाक रहा तो फिल्म जबर्दस्त हिट साबित होती है। शायद यही वजह है कि आंकड़ों के लिहाज से सलमान खान की ‘वांटेड’ और ‘बॉडीगार्ड’ जैसी फिल्मों का रिकार्ड आज तक कोई दूसरी फिल्म नहीं तोड़ सकी।
सलमान को उनकी एक्टिंग के लिए अवार्ड नहीं मिलते और बॉक्स आफिस पर इतनी कामयाबी के बावजूद उन्हें नम्बर वन के तौर पर स्वीकार्यता हासिल नहीं है लेकिन खुद के प्रति दर्शकों की दीवानगी सलमान के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं है।
सलमान खान की उम्र का पहिया ऐसा लगता है, जैसे उल्टा घूम रहा हो। अपने कैरियर की पहली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से भी ज्यादा जवान वे ‘बॉडीगार्ड’ में नजर आते हैं। वह पहले से ज्यादा हैंडसम हो गये हैं। लगता है कि उनके पास अलादीन का कई जादुई चिराग है जिसे घिस कर वो जिन को पैदा कर मनचाहा काम करा रहे हैं।
समय का क्रूर पंजा सलमान के चेहरे पर एक शिकन तक नहीं डाल सका है। उनके तने कसे हुए अंग में, कहीं भी पिलपिलापन तो नजर आता ही नहीं है।

jharkhandedu.com