Send gifts to your near and dear ones

Home » Sports » 16 September 2012 »

नयी आईपीएल टीम के लिए बीसीसीआई की सूची में रांची और जमशेदपुर भी

नयी दिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम रही डेक्कन चार्जर्स के करार को खत्म करने के बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) नयी आईपीएल टीम की खोज में निकल पड़ा है जिसके लिए उसने 10 शहरों की एक सूची तैयार की है। बीसीसीई ने अगली आईपीएल टीम के लिए अहमदाबाद, विशाखापट्टम, धर्मशाला, इंदौर, जमशेदपुर, नागपुर, कटक, कानपुर, राजकोट और रांची को चुना है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार आईपीएल की नयी टीम का करार अगले पांच वर्षो के लिए करीब 300 करोड़ रुपयोें का होगा। इसके अलावा नयी टीम भी लीग की अन्य आठ टीमों की ही तरह मौजूदा 60 प्रतिशत राजस्व की हकदार होगी। उन्होंने बताया कि नयी टीम के मालिकों को डेक्कन के साथ जुड़े रहे खिलाड़ियों को लीग के अगले सत्र के लिए अपनी टीम में चुनने का हक दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई जो डेक्कन से अगले पांच वर्षों में फ्रेंचाइजी फीस के रूप में 244 करोड़ रुपयों कमाने की उम्मीद कर रही थी उसे नयी टीम से और अधिक कमाई हो सकती है। हालांकि बांबे उच्च न्यायलय में सोमवार को डेक्कन चार्जर्स के निलंबन के खिलाफ अपील पर सुनवाई के बाद ही बाकी की तस्वीर साफ हो पाएगी। दूसरी ओर बोर्ड को इस बात का भी डर है कि अगर न्यायलय डेक्कन के समर्थन में निर्णय सुनाता है तो आईपीएल के छठे सत्र में दस टीमें मैदान पर होंगी। गौरतलब है कि शनिवार को चार्जर्स के मालिकों ने बोर्ड को कोर्ट का नोटिस दिया था कि जब उन्होंने फ्रेचाइजी के तौर पर किसी करार का उल्लंघन नहीं किया है तो उनकी टीम का निलबन नहीं किया जा सकता है। इस बीच बोर्ड के सूत्रों के अनुसार नयी टीम को खरीदने के लिए अहमदाबाद रेस में सबसे आगे चल रहा है। बताया जा रहा है कि गुजरात क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी निजी तौर पर नयी आईपीएल टीम को खरीदन में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसके अलावा अंबानी समूह, अनिल धीरूभाई अंबानी समूह एडीएजी और वीडियोकान भी आईपीएल फ्रेंचाइजी को लेकर कड़ी जोड़ तोड़ कर रहे हैं।

jharkhandjobs.com calling all to register and search jobs