Send gifts to your near and dear ones

Home » Ranchi » 17 September 2012 »

रेड रिबन एक्सप्रेस ट्रेन बोकारो रवाना

रांची, एचआईवी एड्स के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने आई रेड रिबन एक्सप्रेस ट्रेन आज रात बोकारो के लिए रवाना हो गयी। 14 से 16 सितम्बर तक रांची रेलवे स्टेशन के प्लैटफार्म नं. एक पर रूकी रेड रिबन एक्सप्रेस ट्रेन का लगभग साढ़े पांच हजार लोगों ने अवलोकन किया एवं एचआईवी एड्स के कारण एवं इससे बचाव की जानकारी प्राप्त की।

रेड रिबन एक्सप्रेस ट्रेन को देखने स्कूलों एवं कालेजों के छात्र-छात्राएं सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोग उमड़ पड़े। ट्रेन में 424 लोगों ने एचआईवी एड्स की बेसिक जानकारी का प्रशिक्षण प्राप्त किया, वहीं 171 लोगों की काउंसिलिंग की गयी। कोच नं. 6 में बैठे काउंसिलरों ने लोगों को एड्स से बचाव एवं उसके उपचार से संबंधित निशुल्क जानकारी दी। साथ ही मुफ्त में 171 लोगों की रक्त की जांच भी की गयी। सामान्य चिकित्सीय जांच में 147 लोगों के स्वास्थ्य की जांच चिकित्सकों द्वारा की गयी।

आज अंतिम दिन स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में कुल 48 यूनिट रक्तदान किया गया। इनमें स्वयंसेवी संस्था जनस्पर्श पब्लिक हेल्थ हेल्पलाइन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्था के सदस्यों के साथ-साथ प्रतीक आटोमोबाइल के सदस्यों ने भी रक्तदान किया। कार्यक्रम में रिम्स ब्लड बैंक के चिकित्सकों ने सहयोग दिया। मौके पर पंकज गुप्ता, आशीष रंजन, विनय कुमार गुप्ता, सुरेश कुमार, राकेश कुमार दीपक, मनोरमा उपस्थित थे।

समापन मौके पर राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक अबू बकर सिद्दिकी, अपर परियोजना निदेशक डा. बीरेन्द्र प्रसाद, रांची के सिविल सर्जन डा. ए.के. चौधरी, डा. रघुनाथ प्रसाद सिंह, डा. एस. भगत, मिनाक्षी प्रकाश सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। इसके अलावा सहिया आंगनबाड़ी सेविकाएं एनएसएस, एनसीसी, एनवाईके के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

jharkhandedu.com