अगस्त में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 10.03 प्रतिशत
नयी दिल्ली, महंगाई से लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। सब्जियों, चीनी, चिकनाई और दालों की कीमतों में बढ़ोतरी से अगस्त-12 में खुदरा महंगाई की दर जुलाई के 9.86 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 10.03 प्रतिशत पर पहुंच गई। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा महंगाई के आज जारी आंकड़ों में अगस्त में सबसे अधिक 20.79 प्रतिशत की बढ़ोतरी सब्जियों की कीमत में हुई। चिकनाई के दाम 18.41 प्रतिशत, चीनी 17.51, प्रतिशत और दालों की कीमतों में 16.04, प्रतिशत की वृध्दि दर्ज की गई। शहरी क्षेत्रों में खुदरा महंगाई जुलाई के 10.10 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 10.19 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में यह 9.76 प्रतिशत की तुलना में 9.90 प्रतिशत पर पहुंच गई। सरकार ने पिछले सप्ताह 13 सितम्बर को ही डीजल की कीमतों में पांच रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। अभी इसका असर महंगाई पर नहीं बढ़ा है। डीजल की कीमत बढ़ने से भाड़ा वृध्दि से महंगाई और भड़केगी। माह के दौरान खाद्य और ब्रेवरीज वर्ग की महंगाई 12.03 प्रतिशत रही। कपड़ा, बेडिंग और फुटवियर की 10.71 प्रतिशत और ईंधन एवं प्रकाश की 7.55 प्रतिशत रही।
थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई के अगस्त में जुलाई के 6.87 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 7.55 प्रतिशत पर पहुंच जाने को ध्यान में रखते हुए रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के लिए मध्यावधि नीति में ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया। रिजर्व बैंक महंगाई को लेकर अभी भी चिंतित हैं। विशलेषकों का मानना है कि डीजल के दाम बढ़ाये जाने से थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई की दर में एक प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है।


