यूपीए को समर्थन पर झाविमो का पुनर्विचार
रांची, केन्द्र की यूपीए सरकार को समर्थन दे रहे झारखंड विकास मोर्चा (प्रजा.) ने भी डीजल की कीमतों में वृध्दि, रसोई गैस सिलेंडरों की राशनिंग और खुदरा बाजार में प्रत्यक्ष विदेशी पूंजी निवेश के फैसले का विरोध किया है। झाविमो ने इस निर्णय को जनविरोधी करार देते हुए तत्काल कीमत में वृध्दि को वापस लेने की मांग की है, ऐसा नहीं करने पर केन्द्र सरकार को समर्थन देने के मसले पर पुनर्विचार करने की चेतावनी दी है।
झाविमो के मीडिया प्रभारी सरोज सिंह ने आज यहां बताया कि मौजूदा परिस्थितियों पर विचार-विमर्श के लिए एक अक्तूबर को रांची में पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की रांची में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलायी गयी है, इस बैठक में केन्द्र की यूपीए सरकार को समर्थन जारी रखने या वापस लेने के मुद्दे पर निर्णय लिया जाएगा। उन्हाेंंने बताया कि पार्टी डीजल की कीमत में बढ़ोत्तरी व रसोई गैस की राशनिंग के निर्णय के सख्त खिलाफ हैं और इसके खिलाफ 20 सितंबर को विभिन्न ट्रांसपोर्ट संघो व अन्य संगठनों की ओर से बुलाये गये भारत बंद को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है। उन्होने बताया कि पार्टी कार्र्यकत्ता कल बंद के समर्थन में सड़क पर उतरेंगे।


