बिहार में बंद का व्यापक असर
पटना, बिहार में भाजपा और जनता दल (युनाइटेड) के बंद समर्थक पटना सहित राज्य के सभी इलाकों में सुबह से ही सड़कों पर आ गये तथा पटरियों पर जाम लगा दिया। पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल, जहानाबाद, सहरसा, नालंदा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर में पटरियां जाम कर दी गयीं। इन क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रहे व सड़कों पर आवागमन के साधन भी नहीं दिखे। उधर राज्य के समस्तीपुर में खुदरा बाजार में प्रत्यक्ष विदेशी पूंजी निवेश (एफडीआई) डीजल के मूल्य में वृध्दि और रियायती दरों पर रसोई गैस सिलेंडरों की संख्या सीमित करने के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तथा वामपंथी दलों के आह्वान पर आज ‘भारत बंद’ का रेल एवं सड़क यातायात पर व्यापक असर रहा।
भाजपा, जनता दल यूनाइटेड (जदयू), भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी. लेनिनवादी) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के निकट रेल लाइन पर धरना देकर समस्तीपुर-दरभंगा, समस्तीपुर-बरौनी तथा समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेल खंडों पर कई घंटो तक ट्रेनों का परिचालन बाधित कर दिया। धरना के कारण 53041 अप हाबड़ा-जयनगर ट्रेन और 53132 डाउन मुजफ्फरपुर-सियालदह फास्ट सवारी गाड़ी समस्तीपुर स्टेशन पर करीब दो घंटे तक रूकी रही। जदयू सांसद अश्वमेध देवी और भाजपा विधायक राणा गंगेश्वर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में राजग कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी आवास के पास मुख्य मार्ग को जाम किया। जाम के कारण समस्तीपुर-पटना और समस्तीपुर -दरभंगा मार्ग पर पांच घंटो तक यातायात ठप रहा है। इसबीच रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि बंद समर्थकों ने पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर रेल मंडल के लहेरिया सराय, सहरसा, जनकपुर रोड़ और समस्तीपुर समेत विभिन्न रेल खंडो पर ट्रेनों को रोक कर परिचालन को बाधित किया है।


