एफडीआई के विरोध में व्यापारियों ने निकाला जुलूस, किया प्रदर्शन
रांची, केंद्र सरकार द्वारा खुदरा बाजार में विदेशी पूंजी निवेश (एफडीआई) की अनुमति देने, एलपीजी सिलेंडर का कोटा तय करने एवं डीजल की कीमत में वृध्दि करने के विरोध में फेडरेशन चेम्बर द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज अपराह्न 10 बजे महावीर चौक से करीब 200 की संख्या में व्यापारियों ने एक जुलूस निकाला जो अल्बर्ट एक्का चौक तक गया।
चेम्बर अध्यक्ष रंजीत कुमार टिबड़ेवाल ने केन्द्र सरकार के निर्णयों पर आक्रोश जताया एवं कहा कि सरकार जो तर्क विदेशी पूंजी निवेश के लिए दे रही है, वह नेताओं की मौखिक चालाकी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार सभी विषयों पर जनता को अपने गलत बयानों से भ्रमित कर रही है, जबकि पूरा विश्व बड़े विदेशी खुदरा व्यावसायियों के कारण त्रस्त है। विश्वमंदी के पीछे भी इन बड़ी दुकानों का हाथ रहा है जो कि एकाधिकार हो जाने पर देश की नीतियों में भी अपने लाभ के लिए परिवर्तन कराते हैं। उन्होंने गोवा की तर्ज पर झारखंड में डीजल को वैटमुक्त करने एवं रसोई गैस पर सब्सिडी में छूट देने की मांग की। इसके अतिरिक्त उन्होंने केन्द्र सरकार से डीजल, रसोई गैस एवं खुदरा कारोबार में विदेशी पूंजी निवेश को मंजूरी दिये जाने संबंधी घोषणाओं को तत्काल वापस लेने की मांग की एवं कहा कि केन्द्र सरकार अगर अपना निर्णय वापस नहीं लेती तो इसी प्रकार का आंदोलन फेडरेशन चेम्बर द्वारा भविष्य में भी किया जायेगा।
पूर्व अध्यक्ष संजय सेठ एवं मनोज नरेडी ने संयुक्त रूप से केन्द्र सरकार के निर्णयों की भर्त्सना की एवं इस घोषणाओं को यथाशीघ्र वापस लेने की मांग की। झारखंड राज्य खुदरा व्यवसायी संघ के उपाध्यक्ष योगेन्द्र पोद्दार एवं रांची चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शम्भु गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि भारतीय खुदरा बाजार में विदेशी पूंजी निवेश से सम्पूर्ण खुदरा बाजार ध्वस्त हो जायेगा एवं बेरोजगारी बढ़ेगी, अतः केन्द्र सरकार यथाशीघ्र अपने निर्णयों को वापस ले। चेम्बर के सह सचिव तुलसी पटेल ने बताया कि फेडरेशन चेम्बर के आह्वान पर आज प्रदेश के सभी जिलों के चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से सम्पूर्ण व्यापार बंद कर केन्द्र सरकार के निर्णयों के प्रति विरोध प्रदर्शित किया गया।
जुलूस प्रदर्शन में चेम्बर उपाध्यक्ष रतन मोदी, विकास कुमार सिंह, विनय कुमार अग्रवाल, तुलसी पटेल, कार्यकारिणी सदस्य प्रेम कटारूका, शरद पोद्दार, आरडी सिंह, अनिल अग्रवाल, कमल जैन, जवाहर तनेजा, सुरेशचन्द्र अग्रवाल, पवन शर्मा, सदस्य दीनदयाल वर्णवाल, रांची चेम्बर के अध्यक्ष शम्भु गुप्ता, झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ के अध्यक्ष प्रमोद सिंघानिया सहित कोकर व्यापार संघ, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, मेन रोड दुकानदार संघ, झारखंड खुदरा व्यापार संघ, आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ एवं जेजे रोड दुकानदार संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य सम्मिलित थे।


