अन्ना हजारे ने बाबा रामदेव से मिलाया हाथ!
नयी दिल्ली, राजनीतिक पार्टी के मसले पर समाजसेवी अन्ना हजारे और उनके प्रमुख सहयोगी अरविन्द केजरीवाल की राहें अलग-अलग हो गयी हैं। केजरीवाल का साथ छोड़ने वाले अन्ना हजारे ने अब योग गुरु बाबा रामदेव से हाथ मिला लिया है। अन्ना और बाबा के बीच बुधवार रात पॉश गोल्फ लिंक में लंबी बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह भी मौजूद थे। खबरों के मुताबिक अन्ना ने बाबा से कहा है कि वह उनके गैर राजनीतिक आंदोलन का पूरा समर्थन करेंगे। रामदेव ने हाल ही में कहा था कि काले धन को वापस लाने की मांग को लेकर गैर राजनीतिक आंदोलन चलाएंगे। सूत्रों के मुताबिक अन्ना संघ से जुड़े एक उद्योगपति के फॉर्म हाउस पर गये। यहां बाबा रामदेव पहले से ही मौजूद थे। इसके बाद दोनों गोल्फ लिंक पहुंचे।
इससे पहले अन्ना हजारे ने अरविन्द केजरीवाल का समर्थन न करने की साफ घोषणा कर दी। अन्ना ने कहा है कि न तो वे अरविन्द केजरीवाल की पार्टी में शामिल होंगे न ही समर्थन करेंगे। इतना ही बल्कि कोई उनकी तस्वीर का उपयोग भी राजनीतिक लाभ के लिये नहीं उठाएगा। अन्ना ने कहा कि वे सिर्फ जनलोकपाल के लिये जनजागृति का काम करते रहेंगे। जिनको लगता है कि चुनाव लड़कर बहुमत से लोकपाल ले आएंगे वे अपना काम कर सकते हैं। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। लेकिन मैं न तो चुनाव लड़ूंगा न किसी राजनीतिक दल का समर्थन करूंगा।


