बोकारो में भारत बंद का व्यापक असर
बोकारो, डीजल के दाम में बढ़ोतरी, रसोई गैस में सब्सिडी कम करने तथा भारतीय खुदरा व्यापार में विदेशी पूंजी निवेश के खिलाफ आज आहूत भारत बंद का बोकारो में व्यापक असर रहा। केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ इस बंद में राजग सहित अन्य कई संगठनों के हजारों कार्यकर्ता आज सड़क पर उतर गये। जनता ने भी उनके इस आंदोलन में सहयोग देकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और इस बंद को ऐतिहासिक बनाया। फलस्वरूप आमलोगों की जिंदगी पूरी तरह से ठप हो गयी। बैंक, पेट्रोल पम्प, डाकघर सहित विभिन्न सरकारी व गैरसरकारी संस्थान और तमाम व्यावसायिक प्रतिष्ठानें स्वत: स्फूर्त बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। एक भी व्यावसायिक वाहन नहीं चला तथा बंद के कारण जाम में फंसे भारी वाहनों की कतार लगी रही। स्कूल-कॉलेजों में कर्मचारी तो आये, परंतु बच्चों के लिये छुट्टी घोषित कर दी गयी थी। बंद सफल बनाने के लिये राष्ट्रीय व क्षेत्रीय स्तर की पार्टियों की एकजुटता देखते ही बनी। सभी के कार्यकर्ता अहले सुबह से ही सड़कों पर उतर गये और जगह-जगह प्रदर्शन, नारेबाजी व जाम कर केन्द्र सरकार के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। सभी के आंदोलनों का केन्द्र स्थल नया मोड़ स्थित बिरसा चौक बना रहा। बोकारो नगर भाजपा के कार्यकर्ता अध्यक्ष इंद्रकुमार झा के नेतृत्व में यहां मोटरसाइकिल जुलूस के साथ यहां पहुंचे और प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने विभिन्न सेक्टरों में नारेबाजी करते हुए भ्रमण किया। वहीं, जदयू के सैकड़ों कार्यकर्ता भी जिलाध्यक्ष (शहरी) राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मोटरसाइकिल जुलूस के साथ सड़क पर उतरे। महानगर अध्यक्ष कपिलेश प्रसाद के नेतृत्व में चास गरगा पुल व चेकपोस्ट को घंटों जाम कर दिया गया। इसके बाद नया मोड़ में कार्यकर्ताओं अपनी गिरफ्तारियां दीं, जो बाद में रिहा कर दिये गये। युवा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में विभिन्न जगहों पर बंद कराते देखे गये। झारखंड दिशोम पार्टी के लोगों ने भी मोटरसाइकिल रैली निकाली। भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने भी नया मोड़ में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। इधर, स्वदेशी जागरण मंच द्वारा चास-बोकारो में जगह-जगह चक्का जाम किया गया। बोकारो जिला झारखंड विकास मोर्चा तथा बोकारो चैम्बर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भी बंद को अपना पूर्ण समर्थन दिया। बंद के दौरान सुरक्षा चाक-चौबंद रही। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही।
चास में जगह- जगह विरोध प्रदर्शन : भारत बंद के दौरान आज बोकारो इस्पात नगर के उपशहर चास में भी वीरानी छायी रही। बंद पूर्णतया सफल रहा। जगह-जगह विभिन्न संगठनों के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। जोधाडीह मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर अपना विरोध जताया। धर्मशाला मोड़ पर झामुमो कार्यकर्ता बंद कराते देखे गये। तालगड़िया मोड़, आईटीआई मोड़ पर जदयू के कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में प्रदर्शन व सड़क जाम किया। बंद के दौरान वाहनों का परिचालन पूर्णतया बाधित रहा। धनबाद-बोकारो, पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। सभी दुकानें, पेट्रोल पम्प, स्कूल आदि बंद रहे। बंद का नेतृत्व करने वालों में भाजपा के अभय कुमार मुन्ना, जिला भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डा. अनिल कुमार सिंह, अरविन्द सिंह भाटिया, जदयू के महेन्द्र राय, सुमन राय, सुरेश बुधिया, उर्मिला देवी, प्रेमा देवी, मनोज कुमार शर्मा आदि शामिल थे।
झामुमो कार्यकर्ताओं ने रोकी रेल : मूल्यवृध्दि व विदेशी पूंजी निवेश के खिलाफ आज आयोजित भारत बंद को सफल बनाने में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी अहम भागीदारी निभायी। बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में सैकड़ों मोर्चा कार्यकर्ताओं ने नया मोड़ में प्रदर्शन करने के बाद बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां रेलों का परिचालन बाधित कर दिया। वे स्टेशन पर लगी ट्रेन के ईजन पर चढ़ गये और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके कारण झाड़ग्राम-धनबाद पैसेन्जर ट्रेन सहित एक अन्य पैसेन्जर ट्रेन का परिचालन काफी देर तक प्रभावित हुआ। श्री यादव ने कहा कि जिस प्रकार से केन्द्र सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है और एक के बाद एक जनविरोधी नीतियां ला रही हैं, उससे आने वाले दिनों में देश में बेरोजगारों की फौज खड़ी हो जायेगी। संप्रग सरकार जनसमर्थन खो चुकी है, इसलिये नैतिकता के आधार पर इसके मुखिया मनमोहन सिंह को इस्तीफा दे देना चाहिये। बंद की सफलता में झामुमो के युवा मोर्चा, छात्र मोर्चा, महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पूरी सक्रिय भागीदारी निभायी। मौके पर जितेन्द्र यादव, अशोक शर्मा, अभिमन्यु मांझी, विपिन कुमार, सुनील कुमार, दिलीप ठाकुर, पूरन महतो, कपिला अग्रवाल, राजकुमार, अरविन्द यादव, संतोष यादव, अनुप पांडेय, मनोज कमार, संतोष पांडेय, धनंजय कुमार, इसराफिल अंसारी, मस्तान अंसारी, ज्योतिलाल सोरेन, सुनील महतो, शंभु गुप्ता आदि मौजूद थे।
सत्ता से हटे संप्रग सरकार- अशोक : झारखंड प्रदेश जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि मूल्य वृध्दि और एफडीआई के खिलाफ आहूत आज के बंद की सफलता ने यह साबित कर दिया कि केन्द्र की संप्रग सरकार जनता का विश्वास पूरी तरह से खो चुकी है। अत: इसे सत्ता हट जाना चाहिये। प्रेस को जारी अपने लिखित बयान में श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय बाजार के खुदरा क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय कम्पनियों को निवेश की अनुमति देना शत-प्रतिशत जनविरोधी फैसला है। इससे खुदरा क्षेत्र से जुड़े हमारे देश के लगभग 25 करोड़ लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे।
अत्याचार कर रही सरकार- भाजपा : बोकारो में भारत बंद के दौरान जगह-जगह सड़क जाम व प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों ने केन्द्र की संप्रग सरकार पर देश के साथ अत्याचार करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने डीजल के मूल्य में वृध्दि तथा खुदरा व्यापार के क्षेत्र में विदेशी पूंजी निवेश का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि विदेशी पूंजी निवेश से करोड़ों लोग बेरोजगार होंगे। भारत के लघु और कुटीर उद्योग धंधे बंद हो जायेंगे। सरकार लगातार वादाखिलाफी करते हुए अपनी गलत आर्थिक नीतियों से पूरे देश पर अत्याचार कर रही है। जनता इससे उब चुकी है तथा नैतिकता के आधार पर इसे अविलम्ब इस्तीफा दे देना चाहिये। बंद की सफलता में भाजपा नगर अध्यक्ष इंद्रकुमार झा, जिलाध्यक्ष रोहितलाल सिंह, पार्टी नेता विरंची नारायण, कृष्ण कुमार मुन्ना, नंदकिशोर राय, जया जैन, वासुदेव मिश्रा, राजीव कंठ, कमलेश राय, अवधेश यादव, सुनील गोस्वामी, विकास कुमार, बिन्दा सिंह, राकेश कुमार मधु, शशिभूषण ओझा ‘मुकुल’, आरएन ओझा, जेके सिंह, वीरभद्र सिंह, उमेश कुमार, विनय ठाकुर, उपेन्द्रनाथ पांडेय, तरुण महतो आदि ने अहम भूमिका निभायी।


