Send gifts to your near and dear ones

Home » Jharkhand » 20 September 2012 »

कुजू में चाल धंसी, पांच की मौत

कुजू (रामगढ़), सीसीएल कुजू क्षेत्र अंतर्गत तोपा कोलियरी के बनवार खुली खदान में आज सुबह पांच बजे चाल धंसने से अवैध उत्खन्न कर रहे पांच लोगों की मौत हो गयी और तीन लोग घायल हो गये। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बनवार रविदास टोला व करमाली टोला धौड़ा के महिला, पुरुष व बच्चे अवैध रूप से कोयला उत्खन्न कर रहे थे। अवैध उत्खन्न कर रहे लोगों के मलवे में दबे होने की खबर पाकर बनवार मगरदाहा तोपा कॉलोनी सहित आसपास के लोगों ने पहुंच कर बचाव व राहत कार्य शुरू किया। दर्जनों लोगों ने जान जोखिम में डालकर गैंता कुदाल लेकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। जिसमें दो लोग करमाली टोला निवासी रहमत मियां (28), सुखमनी देवी (30) को घायलावस्था में मलबे से बाहर निकाला गया। घायलों को आनन-फानन में स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जबकि बारह वर्ष के रोहित ने अवैध उत्खन्न के दौरान भागकर जान बचायी।

मृतकों में वनवार करमाली टोला के बंधन करमाली (25), दीपक करमाली (12), रविदास टोला के सूरज करमाली (18), गोविंद रविदास (20) व फगुनी देवी (38) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही माण्डू इंस्पेक्टर अनिल कुमार, कुजू ओपी प्रभारी रामेश्वर राम, सअनि सुखराम, अमिर अली खान घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने सभी शवों को बाहर निकाला। ग्रामीणों के आग्रह पर पुलिस ने सभी शवों के ले जाने की अनुमति दी और ग्रामीणों ने सभी शवों का आनन-फानन में दाह संस्कार भी कर दिया। बताया जाता है कि उक्त चाल के अंदर आधे दर्जन से अधिक शव मिलने की संभावना जतायी जा रही है। घटना के बाद तोपा परियोजना के प्रबंधक और क्षेत्रीय पदाधिकारियों को खबर दिये जाने के बाद भी नहीं पहुंचने पर ग्रामीण काफी आक्रोश में दिख रहे थे। कुछ घंटे बाद तोपा परियोजना के सुरक्षा कर्मी, क्षेत्रीय सुरक्षा दल के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पथराव किया। जिससे सुरक्षाकर्मियों को चोट लगने की सूचना है। वहीं स्थानीय नेता असगर अली, अकबर अंसारी, मो.इलियास, ज्योतेन्द्र प्रसाद, राजकुमार केसरी, गुलजार अहमद आदि ने इस घटना के सीसीएल प्रबंधन व पुलिस प्रशासन को दोषी ठहराया है। नेताओं ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन व पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से यह अवैध उत्खन्न का कार्य चल रहा था। वहीं करमाली टोला और रविदास टोला में इस घटना के बाद परिजनों के बीच क्रंदन का माहौल था। साथ ही साथ पूरा गांव इस हादसे के बाद पूरा गमगीन माहौल में है। बताया जाता है कि तोपा कोलियरी के लीज क्षेत्र में यह अवैध उत्खन्न कार्य रात्रि के समय किया जा रहा था। जिसका ताजा उदाहरण चाल धंसने के बाद लोगों के बीच जानकारी हुई।

jharkhandjobs.com calling all to register and search jobs