राजनीतिक उथल-पुथल के बीच राहुल का झारखंड दौरा
रांची, देश की राजधानी दिल्ली की सियास्त में भारी उथल-पुथल के बीच कांग्रेस के युवराज एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी का 25 सितम्बर को झारखंड आगमन हो रहा है।
वैसे तो राहुल गांधी पहले भी झारखंड आ चुके हैं परन्तु उनका दो दिवसीय दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा परंतु यह तय है कि राहुल गांधी मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे। संकेत है कि राहुल गांधी संगठन में और भी अहम भूमिका अदा करेंगे। इस दृष्टिकोण से राहुल गांधी की झारखंड यात्रा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राहुल गांधी अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे के दौरान पूरी तरह पार्टी के संगठनात्मक पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
राहुल गांधी के झारखंड आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं में भारी उत्साह है। राहुल गांधी झारखंड में पार्टी की स्थिति एवं राजनीतिक स्थिति की भी जायजा लेंगे। राहुल गांधी का झारखंड दौरे के लिये हामी भरना इस बात को दर्शाता है कि 2014 के चुनाव के लिेये कार्यकर्ताओं में जोश लाने का संकेत है। मालूम हो कि झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से केवल एक सीट रांची पर कांग्रेस का कब्जा है। इस सीट से केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय विजयी रहे हैं।


