Send gifts to your near and dear ones

Home » Jharkhand » 22 September 2012 »

पारा शिक्षकों के चक्का जाम से यातायात बुरी तरह प्रभावित

हजारीबाग, पारा शिक्षकों के राज्यव्यापी चक्का जाम आंदोलन का हजारीबाग जिले में यातायात पर व्यापक प्रभाव पड़ा। लंबी दूरी के वाहन राष्ट्रीय राजपथों पर नहीं चले। जगह- जगह सड़कों पर पारा शिक्षक बैठ गए। इससे जहां- तहां वाहनों के पहिये थम गए। इस कारण यात्रियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। रांची- पटना राष्ट्रीय राजपथ- 33 पर हजारीबाग जिला परिषद् चौक, इचाक मोड़, पदमा, बरही, चरही सहित अन्य स्थानों पर सैकड़ों की संख्या में पारा शिक्षक अलग- अलग घंटों बैठे रहे। हजारीबाग जिला परिषद् चौक पर तो संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय दुबे के नेतृत्व में महिला पारा शिक्षिका भी सड़क पर बैठीं। इस कारण दोपहर तक इस मार्ग पर यातायात ठप रहा। चौपारण, बरही एवं बरकट्ठा संवाददाता के अनुसार जीटी रोड को कई स्थानों पर पारा शिक्षकों ने जाम किया। इस कारण दोनों ओर हजारों की संख्या में वाहन फंस गए। बाद में घंटों लोगों की मिन्नत करने के बाद यातायात सामान्य हो सका। हजारीबाग में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष चंदन मेहता और प्रमोद कुमार मेहता ने किया। विष्णुगढ़ संवाददाता के अनुसार सात माइल मोड़ एवं टाटीझरिया में पारा शिक्षक सड़कों पर बैठ गए। इससे वाहनों के पहिए रुक गए। इस दौरान लोगों ने राज्य के मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री विरोधी नारे भी लगाए। करीब एक बजे लोगों को गिरफ्तार कर रिहा किया गया। जाम करनेवालों में सुखदेव राम, तीर्थकुमार पाण्डेय, गांगो महतो, नकुल महतो, शंकर महतो, फूलेन्द्र महतो, हुलास महतो, हेमंत दीवी आदि थे। बड़कागांव संवाददाता के अनुसार पारा शिक्षकों ने अहले सुबह सात बजे से ही चौक के पास हजारीबाग बड़कागांव- केरेडारी पथ को जाम कर दिया। इस कारण वाहनों का आवागमन रुक गया। सड़क जाम करनेवालों में शमशेर आलम, धर्मनाथ राम, मुनेश राम, रामवृक्ष राम, प्रकाश कुमार, राजेन्द्र महतो, गंगाधर लोहरा, किशुन रजवार, महेश महतो, संजय कुमार आदि थे। पारा शिक्षकों के चक्का जाम का असर इचाक, बरकट्ठा, कटकमसांडी में भी देखा गया। बरही में सड़क जाम करने पर सैकड़ों पारा शिक्षकों को हिरासत में लिया गया और बाद में रिहा किया गया। पारा शिक्षकों की मांग का समर्थन करते हुए झामुमो नेता विनोद विश्वकर्मा, कांग्रेस के रमेश ठाकुर, भाकपा के कृष्णा कुमार मेहता ने भी सरकार की आलोचना की। गिरफ्तारी देनेवालों में संजय दुबे, अजय निषाद, उपेन्द्र राम, तीरथ सिंह, मो.क्यूम, सुधीर कौशल, मृत्युंजय सिंह, प्रकाश यादव, प्रवीण पाण्डेय, जितेन्द्र कुमार आदि शामिल थे।

jharkhandedu.com