Send gifts to your near and dear ones

Home » Sports » 22 September 2012 »

विजयी आगाज करने उतरेगा पाक, कीवी सुपर आठ में पहुंचने को बेताब

पल्लेकेल, वर्ष 2009 की चैम्पियन पाकिस्तान की टीम जब रविवार को यहां पल्लेकेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में विश्वकप टी-20 के ग्रुप डी में अपना पहला मुकाबला खेलने उतरेगी तो उसका लक्ष्य न्यूजीलैंड को हराकर जीत के साथ शुरुआत करना होगा जबकि अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को हरा चुकी न्यूजीलैंड टीम सुपर आठ में जगह पक्की करने के दृढ़ निश्चय से मैदान में उतरेगी। न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 59 रनों से मात देकर शानदार शुरुआत की और अपने खाते में दो अंक जमा कर लिए। न्यूजीलैंड यदि पाकिस्तान के खिलाफ मैच जीत जाता है तो सुपर आठ में उसका स्थान पक्का हो जाएगा अन्यथा उसके भाग्य का फैसला पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले मुकाबले पर टिक जाएगा। हालांकि बांग्लादेश के खिलाफ न्यूजीलैंड ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन पाकिस्तान को हराना आसान काम नहीं होगा। बांग्लादेश के खिलाफ ब्रैंडन मैकुलम की अंतराष्ट्रीय टी-20 करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। विस्फोटक बल्लेबाजी के पर्याय माने जाने वाले मैकुलम ने मात्र 58 गेंदों में 11 चौके और सात छक्के जड़ते हुए बांग्लादेश की गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया। उनकी इस धुआंधार पारी से न्यूजीलैंड ने तीन विकेट पर 191 रन का मजबूत स्कोर बनाया और फिर उसके गेंदबाजों ने बांग्लादेश को आठ विकेट पर 132 रन के स्कोर पर रोक दिया। मैकुलम ने बांग्लादेश के खिलाफ 123 रन की शानदार पारी खेलकर अंतराष्ट्रीय टी-20 मैचों में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने की उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के रिचर्ड लेवी के नाबाद 117 रन के रिकार्ड को पीछे छोड़ा जो उन्होंने इसी वर्ष फरवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ हेमिल्टन में बनाया था। लेकिन मैकुलम ने 58 गेंदों में 11 चौके और सात छक्के जड़ते हुए 123 रन बनाए और लेवी के रिकार्ड को ध्वस्त कर दिया। मैकुलम पाकिस्तान के खिलाफ इसी प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा टीम के पास मार्टिन गुप्तिल, जेम्स फ्रेंकलिन और रास टेलर जैसे बल्लेबाज हैं तथा काइल मिल्स और टिम साउदी जैसे गेंदबाज हैं जिनके दम पर न्यूजीलैंड पाकिस्तान की मजबूत टीम को टक्कर दे सकता है। पाकिस्तान ने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है लेकिन अभ्यास मैच में उसने भारत को पांच विकेट से मात दी मगर अगले अभ्यास मैच में उसे इंगलैंड के खिलाफ 15 रनों से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के पास मोहम्मद हफीज, असद शफीक, उमर शफीक, शोएब मलिक और शाहिद अफरीदी जैसे धुरंधर हैं। हालांकि पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम इंगलैंड के खिलाप नहीं चल पाया लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ वह शानदार प्रदर्शन करने को बेताब होगा। टीम के पास बेहतरीन गेंदबाजी क्रम है। सईद अजमल के नेतृत्व में पाकिस्तानी गेंदबाज किसी भी बल्लेबाजी क्रम की धज्ज्ाियां उड़ाने की काबिलियत रखते हैं। ये गेंदबाज न्यूजीलैंड की भी नाक में दम करने को बेकरार होंगे। अब देखना यह होगा कि रविवार को न्यूजीलैंड सुपर आठ में जगह पक्की कर पाता है या पाकिस्तान विजयी आगाज करने में सफल रहता है।

jharkhandjobs.com calling all to register and search jobs