Send gifts to your near and dear ones

Home » Jharkhand » 23 September 2012 »

दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार की मौत, सड़क जाम

पांकी (पलामू),  : पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर कर्पूरी चौक के समीप आज दोपहर एक बोलेरो और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी टक्कर में मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गयी, जबकि मोटरसाइकिल पर ही सवार दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही पांकी पुलिस से ग्रामीणों ने शव को ले लिया और मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम करीब चार घंटे तक रहा। घटना की सूचना मिलने पर पांकी के थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार आजाद दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया।

बताया जाता है कि दोपहर करीब 12.30 बजे तरहसी थाना के सिलदिलिया निवासी धर्मदेव भुइयां (32) अपनी पुत्री रानी कुमारी (10) और अपने साढ़ु की पुत्री कविता कुमारी (12) को लेकर पांकी के उदयपुरा गांव जा रहे थे। इसी बीच कर्पूरी चौक पर विपरीत दिशा से आ रहे एक बोलेरो ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे धर्मदेव भुइयां की मौके पर मौत हो गयी, जबकि दोनों छात्राएं घायल हो गयीं। दोनों को इलाज के लिए उपस्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल में भेज दिया गया है। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया है।

 

jharkhandjobs.com calling all to register and search jobs