वैवाहिक परिचय सम्मेलन में नौ जोड़ों का विवाह तय
रांची, : अग्रसेन भवन में आयोजित अग्रवाल वैवाहिक परिचय सम्मेलन में आज नौ जोड़ों का विवाह तय हुआ। इनमें अमित अग्रवाल, पुरुलिया का छत्तीसगढ़ निवासी खुशबू अग्रवाल के साथ, वीरगंज नेपाल के आनंद टिबड़ेवाल का रानीगंज निवासी प्रतिमा कुमारी के साथ, शिवनाथ अग्रवाल, रामगढ़ का औरंगाबाद निवासी पुष्पा कुमारी के साथ, संतोष अग्रवाल गया का हीनू, रांची निवासी रेखा कुमारी के साथ, घनश्याम दास मित्तल, रांची का हजारीबाग निवासी प्रतिमा कुमारी के साथ विवाह तय हुआ। इनके अलावे थड़पखना, रांची निवासी राकेश कुमार का विवाह टाटीसिल्वे, रांची निवासी नेहा अग्रवाल के साथ, रांची निवासी विकास कुमार पोद्दार का निशा सिंघानिया, रांची के साथ, विकास कुमार बुधिया, रांची के रामगढ़ निवासी बेबी अग्रवाल के साथ तथा पंकज सर्राफ का नीलम गोयल के साथ विवाह तय किया गया। यह जानकारी अग्रवाल सभा के प्रवक्ता मनोज बजाज ने दी।
इससे पहले सम्मेलन का उद्धाटन करते मुख्यमंत्री झारखंड अधिविध परिषद (जैक) के अध्यक्ष डा. आनन्द भूषण ने कहा कि अच्छे कार्यों की सर्वत्र प्रशंसा होती है। अच्छे लोगों के नहीं रहने से समाज में विकृति एवं विषमता आती है। समाज के हर वर्ग को अग्रवाल समाज रूपी दर्पण में अपनी तस्वीर देखनी चाहिए। समाज के सभी संस्थाओं एवं वर्ग को अग्रवाल सभा का अनुसरण करना चाहिए। तभी समाज से दहेज रूपी दानव समाप्त होगा।
उन्होंने कहा कि युवा वही है जिसमें कुछ करने का जज्बा हो। समृध्द लोग कुछ करें तो समाज में वह एक मिसाल बन जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने तिलक-दहेज के नाम पर जाने अनजाने जो किया उसे रोकने के लिए हम अच्छा कार्य कर रहे हैं। उत्साहवर्ध्दन से ही कोई जंग जीती जा सकती है। अच्छे कार्यों का सबों को सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज समाज में जो विकृति आयी है वह प्रदूषण है। हमें समाज से दहेज रूपी प्रदूषण को दूर करना होगा तभी कन्या पक्ष वालों को अपनी पुत्रियों की शादी-व्याह की चिन्ता नहीं रहेगी।
अग्रवाल वैवाहिक परिचय सम्मेलन के मुख्य संयोजक भागचंद पोद्दार ने कहा कि विवाह योग्य कन्या को देखने का रस्म परिचय सम्मेलन है। इसमें कोई दोष नहीं है। उन्होंने कहा कि परिचय सम्मेलन में रिश्ता तय होने के बाद 24 नवम्बर को अग्रसेन भवन में सामूहिक विवाह होगा। इच्छुक अभिभावक बाहर से भी रिश्ता तय कर सामूहिक विवाह में शामिल हो सकते हैं। श्री पोद्दार ने कहा कि यह महसूस किया जा रहा है कि लड़कियां कम लड़के अधिक आ रहे हैं। लिंग अनुपात भी इसका एक कारण है।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष डा. ओम प्रकाश प्रणव ने स्वागत भाषण में कहा कि अग्रवाल सभा का यह 20वां वैवाहिक परिचय सम्मेलन है। अग्रवाल सभा द्वारा विकलांगों की शादियां सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किये गये हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विवाह सादगी से होता है और विवाह पर होने वाली फिजूल खर्ची नहीं होती।
परिचय सत्र : उद्धाटन समारोह के बाद दोपहर एक बजे से परिचय सत्र का आयोजन किया गया। दोनों पक्षों के सम्पर्क एवं वार्तालाप के लिए अग्रसेन भवन में अलग कमरों की व्यवस्था की गयी थी।
उद्धाटन समारोह में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्षों में ओम प्रकाश अग्रवाल, अरुण बुधिया, मनोज बजाज, डा. ओम प्रकाश कनोडिया, विश्वनाथ जाजोदिया, राजकुमार केडिया, गोवर्धन गाड़ोदिया, उपमंत्री प्रदीप राजगढ़िया, डा. श्रीमती कमला प्रसाद सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।


