झामुमो बागियों के खिलाफ 14 तक कार्रवाई
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केन्द्रीय कमेटी की आज धनबाद में बैठक हुई। बैठक में पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन ने वैसे लोगों की सूची प्रत्येक जिले को तैयार करने का निर्देश दिया, जिन्होंने चुनाव के दौरान बागी बनकर पार्टी विरोधी गतिविधियां अपनाते हुए प्रत्याशी का साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियर्स भवन में पार्टी की केन्द्रीय कमेटी की बैठक में राज्य के कोने- कोने से आये सदस्यों ने भाग लिया। लोगों की निगाहें मुख्य रूप से असंतुष्ट टेकलाल महतो और साइमन मरांडी की ओर था। बैठक में साइमन मरांडी तो आये, लेकिन टेकलाल महतो कहीं दिखाई नहीं पड़े। पूछने पर पार्टी के आला नेताओं ने कहा कि कुछ जरूरी कार्य में फंसे होने के कारण वे बैठक में नहीं आ सके हैं। बैठक में पार्टी अध्यक्ष ने चुनाव में बागी की भूमिका निभाने वालों की सूची जल्द से जल्द देने का निर्देश पार्टी नेताओं को दिया ताकि उन्हें पार्टी से निकालने की मुहर 14 फरवरी तक लग सके। बैठक में प्रत्येक पंचायत व वार्डस्तर पर सदस्यता 8 फरवरी से 8 मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। उसके बाद प्रत्येक पंचायत में 9 से 19 मार्च तक वार्ड पंचायत कमेटी का गठन किया जायेगा। तय हुआ कि प्रत्येक प्रखंड, अनुमंडल व नगर के लिए 20 से 31 मार्च तक चुनाव किया जायेगा। यह भी तय हुआ कि आज से सभी जिलों में पार्टी की जिला कमेटियां भंग मानी जाएगी। केन्द्र से पर्यवेक्षक व संयोजक मंडली की घोषणा दस दिनों के अंदर कर दी जाएगी। 2 अप्रैल से 20 अप्रैल के बीच सभी जिलों में चुनाव कराया जाएगा। बैठक में तय हुआ कि पार्टी का महाधिवेशन रांची में होगा। इसकी तिथि की घोषणा 14 फरवरी को रांची में केन्द्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कर दी जायेगी।
बैठक में पार्टी अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि पंचायत चुनाव नजदीक है। इसलिए इसकी तैयारी हर जगह शुरू कराएं। पंचायत चुनाव दलगत आधार पर हो, इसका प्रयास किया जायेगा। शिबू ने कहा कि अब अपनी सरकार है। ऐसे में कहीं से यह शिकायत नहीं मिलनी चाहिए कि अपने ही स्वार्थ में लोग मशगूल हैं।
Print This News
|
Send to Friend


Have your say!