भाजपा जनता को बेवकूफ बना रही है : झाविमो
महंगाई पर भाजपा की बयानबाजी तथा आज आयोजित रैली पर विरोध जताते हुए झारखंड विकास मोर्चा के प्रधान महासचिव विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा महंगाई के मुद्दे पर जनता को बेवकूफ बना रही है। श्री यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्रियों की बैठक में महंगाई के मुद्दे पर भाजपा नेता कुछ कहते हैं और जनता के समक्ष कुछ कहते हैं। भाजपा की करनी व कथनी में अन्तर है। जब केन्द्र सरकार ने राज्यों को निर्देश दिया कि महंगाई रोकने के लिए जमाखोरी के खिलाफ राज्य अभियान चलाये तो इस पर झारखंड सरकार अलम क्यों नहीं कर रही है। श्री यादव ने कहा कि महंगाई मुद्दे पर भाजपा एवं झारखंड सरकार की मंशा ठीक है तो वह जमाखोरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाये। जबकि भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान महंगाई पर नियंत्रण करने का आश्वासन जनता को दिया था। श्री यादव ने आगे कहा कि अब तक बीपीएल कार्डधारियों को राशन नहीं मिला है। सरकार अपनी विफलता का ठीकरा केन्द्र सरकार पर फोड़ना चाह रही है।
बजट सत्र की तैयारियों पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि बजट सत्र की अधिसूचना अभी तक जारी नहीं की गयी। विधायकों को प्रश्नकाल में अपनी बात रखने के लिए कम से कम 15 से 16 दिनों का समय चाहिए। परन्तु सरकार की मंशा ठीक नहीं और वह जैसे-तैसे बजट पास कराना चाहती है। श्री यादव ने जल्द से जल्द बजट सत्र की अधिसूचना जारी करने की मांग की।

Have your say!