शिक्षा ही भारतवर्ष की अनमोल पूंजी : सांसद
बोकारो के शैक्षणिक विकास के उद्देश्य से 25 वर्ष पूर्व स्थापित रणविजय सिंह स्मारक उच्च विद्यालय, सेक्टर-9ए की रजत जयंती आज समारोहपूर्वक मनाई गयी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद पी एन सिंह थे। दीप प्रज्वलन तथा स्वर्गीय रणविजय सिंह के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ कार्यक्रम का उद्धाटन करने के बाद अपने सम्बोधन में सांसद ने कुशल समाज के निर्माण में शिक्षा की अहमियत पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। शतप्रतिशत शिक्षादर की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि आज शिक्षा ही भारतवर्ष की अनमोल पूंजी बनती जा रही है। हम इसके बल पर आज विकसित देशों को भी चुनौती दे रहे हैं। आईटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विश्व के कई देशों में हमारे देश के नौजवान अपना लोहा मनवा रहे हैं। शिक्षा की बदौलत ही आज भारत उन्नतिपथ पर अग्रसर है और विदेशी मुद्रा में बढ़ोतरी हो रही है। बोकारो में शैक्षणिक विकास की दिशा में उक्त विद्यालय के संस्थापक सचिव एवं स्थानीय विधायक समरेश सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए सांसद ने बोकारो इस्पात प्रबंधन से इस निमित्त यथासम्भव सहयोग की अपेक्षा प्रकट की। उन्होंने कहा कि यहां के निजी विद्यालय केवल व्यवसाय करने पर तुले हैं। ऐसे में आरवीएस उच्च विद्यालय सरीखे गरीब व आम बच्चों के शिक्षार्थ संचालित विद्यालयों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिये।
इसके पूर्व अपने अध्यक्षीय भाषण में संस्थापक सचिव एवं विधायक समरेश सिंह ने उक्त विद्यालय के लिये बीएसएल प्रबंधन से यथाशीघ्र जमीन का निबंधन कर देने की मांग की। साथ ही नारी सशक्तीकरण में आंतरिक प्रयासों पर बल देते हुए इस्पात प्रबंधन द्वारा सीएसआर के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के पर्याप्त विकास के लिये गम्भीरता से आगे आने और प्लांट परिक्षेत्रीय गांव रानीपोखर एवं बनसिमली को अंगीकृत करने की भी जरूरत बतायी। विधायक ने पुन: कहा कि वह क्षेत्र के विकास के प्रति कटिबध्द है और इसी माह नये गरगा पुल का शिलान्यास होगा। समारोह में मौजूद बोकारो स्टील के प्रतिनिधि कार्यकारी अधिशासी निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) शंकर चौधरी एवं शीतांशु प्रसाद ने प्रबंधन की ओर से हरसम्भव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा शिक्षा के विकास में बीएसएल के कार्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालयी बच्चों ने शिक्षक वीरेन्द्र सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत लघुनाटक ‘मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना’ का मंचन किया एवं उनके अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अतिथियों ने काफी सराहा। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती परिंदा के वोरा ने किया। इस क्रम में सांसद ने अपने विकास मद से एक कम्प्यूटर तथा विधायक ने विद्यालय में एक हॉल निर्मित कराने की घोषणा भी की।
Print This News
|
Send to Friend


Have your say!