सभी मुद्दों पर होगी चर्चा : कुरैशी
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि भारत के साथ नयी दिल्ली में होने वाली सचिव स्तर की वार्ता में सभी तरह के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। श्री कुरैशी ने मुल्तान में आयोजित एक समारोह में शिरकत करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि इस बैठक में दोनों देश अपनी-अपनी तरफ से समस्याओं को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बैठक में पाकिस्तान अपनी तरफ से समस्याएं उठाएगा जबकि भारत अपने मुद्दे रखेगा। लंबे गतिरोध के बाद हाल ही में भारत और पाकिस्तान विदेश सचिव स्तर की बैठक के लिए रजामंद हुये हैं। इसके साथ ही दोनों देश लंबे समय बाद आधिकारिक स्तर पर द्विपक्षीय बातचीत शुरू करेंगे। हालांकि भारत ने इसे समग्र वार्ता का हिस्सा न मानकर सामान्य बातचीत तक ही सीमित रखने का ऐलान किया है। जब श्री कुरैशी से पूछा गया कि क्या इस बैठक में सीमापार आतंकवाद के बारे में भी चर्चा की जाएगी तो उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के मुद्दे पर चर्चा बातचीत के दौरान ही की जा सकती है, मीडिया के जरिए नहीं। इस बीच पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने कहा कि इस बैठक का कोई एजेंडा तय नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बैठक के एजेंडा के बारे में आ रही खबरें निराधार हैं। यहां तक कि अभी बैठक की तारीख भी अंतिम तौर पर तय नहीं हुयी है।
Print This News
|
Send to Friend


Have your say!