नक्सल पर बैठक आज, शिबू जायेंगे कोलकाता
नक्सल समस्या पर आयोजित बैठक में भाग लेने के लिए कल राज्य के मुख्यमंत्री शिबू सोरेन कोलकाता जायेंगे। यह बैठक गृहमंत्री पी. चिदम्बरम ने बुलायी है। इसमें नक्सल प्रभावित चार-पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।
बैठक में नक्सल समस्या के समाधान पर चर्चा की जायेगी तथा आगे की रणनीति पर गृहमंत्री नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे। नक्सलियों के खिलाफ केंद्र द्वारा चलाये जा रहे अभियान पर मुख्यमंत्रियों से बातचीत की जायेगी। श्री सोरेन कल विमान द्वारा कोलकाता रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शिबू सोरेन दिल्ली में प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में महंगाई और आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लेकर रांची लौट आये हैं। यहां उन्होंने उप मुख्यमंत्री रघुवर दास और सुदेश महतो के साथ बैठक की। बताया गया कि कल कोलकाता में होने वाली बैठक को लेकर शिबू सोरेन ने विचार-विमर्श किया।
जानकारी के मुताबिक श्री सोरेन के साथ कल राज्य के गृह सचिव जे.बी. तुबिद तथा कुछ अन्य आला अधिकारी भी साथ होंगे। मालूम हो कि हाल के दिनों में झारखंड में उग्रवाद की समस्या काफी बढ़ गयी है और उसके रोकथाम के लिए केन्द्र के सहयोग से यहां अभियान चलाया जायेगा।

Have your say!