व्यक्तित्व बनाएं खास
बिना इंटरव्यू आज कल कुछ नहीं मिलता, चाहे एमबीए या दूसरे कोर्सेज में दाखिला हो या फिर नौकरी। बचपन से लेकर डिग्री तक हम सभी ने कई लिखित परीक्षाएं तो दी होती हैं पर इंटरव्यू उतने नहीं किए होते इसलिए यदि इंटरव्यू के नाम से थोड़ी घबराहट होती है, जो अस्वाभाविक नहीं है। जरूरी यह है कि इंटरव्यू का सामना सुनियोजित तैयारी के साथ किया जाए। किसी भी सफल इंटरव्यू के लिए जरूरी है कि उस कोर्स या पद के लिए एक आदर्श उम्मीदवार में क्या-क्या विशेषताएं होनी चाहिए, इसको ध्यान में रखकर रणनीति बनाएं।
तकनीकी पक्ष
यदि आप नए ग्रेजुएट हैं तो कंपनी के कार्यक्षेत्र से संबंधित अपने डिग्री पाठयक्रम के कोर्सेज दोहराएं और पक्के कर लें। सब कुछ पढ़ना आवश्यक नहीं है किन्तु कुछ ऐसी चीजें जरूर होनी चाहिए जिनके विषय में आपको सब कुछ आता हो। कई कंपनियां आपके पसंदीदा विषय से ही सवाल पूछती हैं और यदि उनमें आप अच्छी तरह उत्तर दे पाते हैं तो आपकी उम्मीदवारी काफी मजबूत होती है। अधिकतर कंपनियां आपको ट्रेनिंग देंगीं इसलिए आपमें जल्दी सीखने की कला होना जरूरी है। तकनीकी इंटरव्यू में खुद को जल्दी सीखने वाले की तरह प्रस्तुत करें। अपने प्रोजेक्ट्स व ट्रेनिंग को अच्छी तरह तैयार करें। उनसे संबंधित प्रश्नों के अच्छे उत्तर देकर आप एक योग्य उम्मीदवार बन सकेंगे। यदि आपने कहीं काम किया है तो अधिकतर सवाल आपके कार्य से संबंधित होंगे। अपने प्रोजेक्ट्स अच्छे से तैयार करें। अपने कार्यक्षेत्र के तकनीकी पहलुओं को अच्छी तरह समझ लें जिस कंपनी के लिए इंटरव्यू है उसके बारे में भी जानें, उसके कार्यक्षेत्र व उत्पाद आदि के बारे में पढ़ें। कंपनी की वेबसाइट पढ़ें और जानकारी नोट कर लें।
व्यक्तित्व पक्ष
इंटरव्यू का व्यक्तित्व पक्ष भी बड़ा महत्वपूर्ण होता है। यहां आवश्यकता होती है कि आप स्वयं को एक सुलझे हुए सकारात्मक दृष्टिकोण वाले प्रोफेशनल की तरह प्रस्तुत करें।
तैयारी
इंटरव्यू में सामान्यतया पूछे जाने वाले सवालों की सूची तैयार करें। इंटरनेट कि सहायता लें या फिर किसी अनुभवी व्यक्ति की। शांति से एकांत में बैठकर विचार करें कि आप किस तरह के व्यक्ति हैं, आपकी खूबियां और कमियां क्या हैं, आपकी रुचियां क्या हैं, आप अमुक कंपनी या कोर्स क्यों ज्वाइन करना चाहते हैं, आपके कैरियर लक्ष्य क्या हैं इत्यादि। इन सभी सवालों के सोचे-समझे जवाब आपको एक सुलझे हुए व्यक्ति की तरह प्रस्तुत करेें जो स्वयं को जानता है और अपने कैरियर के विषय में सही निर्णय ले सकता है।
मॉक इंटरव्यू
तैयारी का एक बड़ा महत्वपूर्ण पहलू अभ्यास इंटरव्यू है। अपने मित्रों, प्रोफेसरों या प्लेसमेंट अधिकारी या फिर किसी भी ऐसे व्यक्ति को अभ्यास इंटरव्यू लेने को कहें जिसे इंडस्ट्री का अनुभव हो और जो आपको सही सलाह दे सके। अभ्यास इंटरव्यू के पश्चात सलाह लें कि आपने क्या सही और क्या गलत किया। सुधार करें और फिर अभ्यास इंटरव्यू दें। 2 से 4 अभ्यास इंटरव्यू आपको किसी भी इंटरव्यू के लिए भलीभांति तैयार कर देें।
आत्मविश्वास
सही तैयारी से आत्मविश्वास पैदा होता है इसलिए यह सुनिश्चित करें कि इंटरव्यू से पहले आपने तैयारी भली प्रकार की है। इसके बाद सारे संदेह दूर कर दें। इंटरव्यू साधारण बातचीत का ही एक विशेष रूप है इसलिए स्वयं को अनावश्यक संदेहों व तनाव में न घेरें और जाकर इंटरव्यू का आनंद लें। ध्यान रखें कि इंटरव्यू चयन प्रक्रिया का एक बड़ा महत्वपूर्ण भाग है। इससे आशंकित न होकर उचित तैयारी और अभ्यास करें, आपको सफलता अवश्य मिलेगी।


Have your say!