कॉर्नर टेबल बढ़ाए कमरे की खूबसूरती
बस एक बार आपके दिमाग में अपने घर को सलीके से सजाने-संवारने का ख्याल आने की देर है। फिर तो मार्केट में आकर्षक कॉर्नर टेबल्स की कोई कमी नहीं है। कुछ टेबल को तो केवल कोने में रखने से ही कमरे के लुक को अच्छा बनाया जा सकता है, जबकि कुछ कॉर्नर टेबल्स पर आप अपनी पसंद के मुताबिक गुलदस्ते या पेंटिंग वगैरह रख सकते हैं। अगर कॉर्नर टेबल में दराज बनी हुई है या उसमें सामान रखने की स्पेस है, तो आप वहां अखबार या मैगजीन वगैरह रख सकते हैं। जब आपके यहां गेस्ट आते हैं, तो इस टेबल पर चाय की ट्रे या नाश्ता भी रखा जा सकता है।
टॉल एंड स्लिम टेबल
कमरे के कोने में रखी जाने वाली लम्बी कॉर्नर टेबल कम स्पेस घेरती है। इसपर पौधे, टेलीफोन या कोई कलाकृति रखी जा सकती है। मेज पर रखा गया फाउंटेन के आकार का आर्टिस्टिक पीस आपके कमरे की सुंदरता में चार-चांद लगा सकता है। इसे सोफे या बैठने के स्थान के किसी भी तरफ रखा जा सकता है। इसे आप कमरे के दरवाजे के पास या कोने के नजदीक रख सकते हैं।
राउंड एंड शॉर्ट टेबल
ये मेज ज्यादा जगह घेरती है। कमरे में फर्नीचर अरेंज करते समय इसकी जगह भी तय कर लें, तो अच्छा होगा। इन्हें दीवार से सटाकर कमरे के कॉर्नर में रखा जाना चाहिए, जिससे इस पर छोटी-मोटी चीजें, मैगजीन या पेपर रख सकें।
सेमी सर्कल कॉर्नर टेबल
इसका आकार आधे चन्द्रमा की तरह होता है। ये न सिर्फ देखने में खूबसूरत और स्टाइलिश लगती है, बल्कि इन पर काम की चीजें भी रखी जा सकती है। इसे रखने के लिए आपको कोई कोना तलाशने की जरूरत नहीं है। इसे दीवार के सहारे कहीं भी रखा जा सकता है। आप इस पर कोई पेंटिंग या कलाकृति एक बाउल में रंग-बिरंगे स्टोंस या कॉफी मग रख सकते हैं।
ट्राइएंगल कॉर्नर टेबल
इस तरह की टेबल में आपको काफी वैराइटी देखने को मिलेगी। ये साइड में खुलती हैं और इसमें दायीं तरफ नीचे तक सामान रखने की जगह बनी होती है। कमरे के किसी भी कोने में ये टेबल आसानी से फिट हो सकती है। इस पर आप पेंटिंग, बुक्स, टेबल लैम्प या फैमिली फोटोग्राफ रख सकते हैं। अगर आपके पास इस तरह की दो टेबल हैं, तो इन्हें आपस में मिलाकर सेमी सर्कल का रूप दिया जा सकता है।


Have your say!