घर को हरा भरा बनाएं
नया साल आ गया है। आपने अपने जीवन में कुछ बदलाव लाने के लिए सोचा होगा। आप अभी तक यह सोच रहे हैं कि नये साल की ताजगी से कैसे शुरुआत करें। अब समय आ गया है घर को एक नई लुक देने का। आपको घर का मेकओवर नहीं करना है, न ही इस पर काफी पैसा खर्च करना है। अपने घर की लुक में बदलाव के लिए थोड़े से आसान उपाय करने होंगे। घर में इंडोर प्लांट लगाएं, क्योंकि मार्च से मध्य अप्रैल का महीना पौधे लगाने के लिए उपयुक्त होता है और आप इस समय अपनी प्लानिंग की शुरुआत कर सकते हैं। मन में सवाल पैदा हो सकता है कि इस ग्रीन रेवोल्यूशन को क्यों किया जाए? दरअसल घर के भीतर रखे हरे-भरे पौधे हमारे घर को खूबसूरती देते हैं। इसके अलावा प्लांट्स सजीव चीज हैं। जिन्हें देखभाल की जरूरत होती है। यह आपको अपनी देखभाल में व्यस्त रखते हैं। इसके अलावा सुंदर गमलों में लगे हरे-भरे पौधे घर को एक अलग लुक देते हैं। इन तमाम चीजों के अलावा ये अच्छे और सस्ता साधन है।
पौधों को लगाने के लिए आइए जानें क्या किया जाए-
पौधों का चुनाव करने के लिए आपको कई बातों का ध्यान रखना पड़ता है। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि आप जिस पौधे का चुनाव करें वह आपके रहने के स्थान और आसपास के वातावरण के अनुकूल हो। हममें से सभी को घर के भीतर सजावटी पौधे अच्छे लगते हैं, लेकिन हमें पता ही नहीं होता कि हमें कब कौन सा पौधा खरीदना चाहिए। और हम गलत पौधा खरीद लेते हैं। जब वे पौधे सही तरह से विकसित नहीं होते तो हम परेशान हो जाते हैं।
आइए जानें कि कौन से पौधे किस समय में फलते-फूलते हैं।
एडिका पाम- इस तरह के पौधों को तेज रोशनी की जरूरत होती है। घर के अंधेरे कोने में अगर इन्हें रखा जाए तो यह खराब हो जाते हैं।
फाइकस- इस पौधे को भी ज्यादा प्रकाश की जरूरत होती है।
मॉन्टेस्रा एंड फिलोडेंड्रा- ये दोनों पौधे ठंडे मौसम में भी हरे-भरे रहते हैं। ये घर के किसी कोने में भी लगाए जा सकते हैं।
एग्लोनिमास- इन पौधों को ज्यादा सूर्य की रोशनी की जरूरत नहीं होती। ये घर के अंधेरे कोनों में भी विकसित होते हैं।
बॉन्जाइ प्लांट्स- मूल रूप से ये बड़े पेड़ होते हैं। जिन्हें छोटा बनाया जाता है। ये दिखने में छोटे होते हैं, लेकिन काफी देखभाल की मांग करते हैं। इन्हें देखभाल की जरूरत होती है। इसलिए इन्हें खिड़की के पास रखने की जरूरत होती है।
बेम्बू- यह एक लोकप्रिय पौधा है। फेंगशुई की लोकप्रियता के बाद इसे लोग अब घरों में रखने लगे हैं। यह पानी और मिट्टी दोनों में फल-फूल सकता है।
मनीप्लांट- यह प्यारा पौधा जिसे ज्यादा सूरज की रोशनी की जरूरत नहीं होती और जो घर के किसी भी कोने में फल-फूल सकता है। घर में पौधे सजाने का मतलब यह नहीं कि घर को गार्डन जैसा बना दिया जाए। हां, घर हरा-भरा नजर आना चाहिए। घर में एक साथ कई कमलों को भी नहीं रखना चाहिए। याद रखें प्लांट्स मनुष्य की तरह होते हैं। उन्हें भी स्पेस चाहिए होता है। इसलिए इंडोर प्लांट्स को कोनों में रखें। इसके लिए घर का कोई भी कोना नहीं चलेगा। इसका निर्णय सोच-समझकर करें। प्लांट्स हमारे रहने के स्थान की भागीदारी करते हैं। इसलिए यह हमारे लाइफस्टाइल और घर के सजावट के अनुरुप होने चाहिए। यह न भूलें कि प्लांट से रात के समय कार्बन-डाई-आक्साइड अपसर्जित होता है। ऐसे में ग्रीन रेवल्यूशन तो करें, लेकिन संभलकर। बेम्बू को बेडरूम में लगाएं। वहां सुंदर लगेगा। इसे खिड़की के पास रखें ताकि सुबह खिड़की से छन कर आती सूरज की रोशनी इसकी हरियाली को पूरे घर में प्रतिबिम्बित करें। यदि आपके घर में बड़ा हॉल है तो आप घर में 3 या 4 पौधे घर के कोनों में सजा सकते हैं। याद रखें पौधे ज्यादा बड़े न हों। यदि बड़ा पौधा रखते हैं तो एक पौधा ही पर्याप्त होता है।
लिविंग रूम में रखने के लिए पॉम या बैठने के स्थान के पीछे फाइकस रख सकते हैं। यह इस स्थान पर खूबसूरत लगता है। बड़े पौधे को डायनिंग एरिया और लिविंग एरिया में रख सकते हैं। अपने किचन को भी पौधों से सजाएं। किचन में रखने के लिए मनीप्लांट का पौधा उपयुक्त होता है। छोटी सी बोतल में सुंदर मनीप्लांट खिड़की के पास रखें तो हमारी किचन सुंदर लगती है। बाथरूम में छोटे पॉट के भीतर पौधों को रखना बुरा ख्याल नहीं है। बशर्ते कि उन्हें साबुन और डियोडरेंट्स की महक से बचाकर रखा जा सके। नहीं तो यह पौधे खराब हो सकते है।
ड्राइंग रूम के बाहर की खिड़की पर बड़े गमले में बेल उगाने का विचार बुरा नहीं है। ज्यादा फैलने वाली बेलें पूरी विंडो को हरियाली से भर देती हैं। इन बेलों पर आने वाले सुंदर फूल घर को रंगीन बनाते हैं। और एक विशिष्ट किस्म की सुंदरता का इफेक्ट आता है। यदि घर में पर्याप्त स्थान है तो आप अपना किचन गार्डन बना सकते हैं। और उसमें सब्जियां उगा सकते हैं। तमाम सब्जियों को बड़े घर में छत पर भी उगाया जा सकता है। अच्छे स्वास्थ्य और सुंदर घर का सपना साकार करें। घर में हरे-भरे पौधे लगाएं। घर के गमलों में गेहूं के कुछ दानें डाल दें। घर की खिड़कियों के आगे बने विंडो स्टिल को घास से हरा-भरा बनाएं और घर में हरियाली भरने का सपना साकार करें।
इंडोर प्लांट्स के लिए अपनाए ये टिप्स
कभी भी घर के पौधों को पंखे या एयर कंडीशनर के नीचे न रखें। अपने इंडोर प्लांट्स को सूरज की तेज रोशनी में न रखें। वे घर के भीतर के तापमान के अनुकूल होते है। सीधी सूर्य की रोशनी से वे खराब हो सकते हैं।
यदि आपके पौधे आपके द्वारा चुनी जगह पर सही प्रकार से विकसित नहीं होते तो उनका स्थान जितनी जल्दी हो सके बदल डालें।


Have your say!