कनाडा से भी हारा पाकिस्तान, टूर्नामेंट में अंतिम स्थान पर
नयी दिल्ली, : स्काट टूपर के अतिरिक्त समय में किए गए गोल की बदौलत कनाड़ा ने हीरो होंडा एफआईएच हाकी विश्वकप में आज यहां चार बार के चैंपियन पाकिस्तान को 3-2 से हराकर टूर्नामेंट में 11वां स्थान हासिल किया। पाकिस्तान के लिए यह टूर्नामेंट बेहद निराशाजनक मुकाम पर खत्म हुआ और टीम अपने हाकी इतिहास में विश्वकप में पहली बार अंतिम स्थान पर रही। इससे पहले वर्ष 1986 के विश्व में टीम 11वें स्थान पर रही थी। पाकिस्तान के खिलाड़ी कनाड़ा के खिलाफ बेहद बुझे मन से मैदान में उतरे थे और पूरे मैच के दौरान ऐसा लग ही नहीं था कि यह वही टीम है जिसने चार बार विश्वकप में खिताब जीता था। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थी। मैच के चौथे मिनट में पाकिस्तान के रेहान बट्ट ने टीम के लिए पहला गोल किया जबकि 46वें मिनट में अली अख्तर ने दूसरा गोल दागा। वहीं कनाड़ा के लिए कोनोर ग्राइंस ने 12वें मिनट में और मार्क पियरसन ने 57वें मिनट में गोल दागे। कनाड़ा को निर्धारित समय तक चार पेनाल्टी कार्नर मिले जिसमें से टीम एक को भी गोल में तब्दील नहीं कर पाई। वहीं पाकिस्तान भी दूसरे हाफ में मिले चार पेनाल्टी पर कोई गोल नहीं कर सका। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहने के बाद अंपायरों ने दोनों टीमों को 15 मिनट का अतिरिक्त दिया जिसके पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। लेकिन दूसरा हाफ शुरू होते ही कनाडाई टीम ने अचानक हमले तेज कर दिए और पाकिस्तानी खेमे में हलचल मचा दी। अतिरिक्त समय के दसवें मिनट में कनाड़ा को दूसरा पेनाल्टी कार्नर मिला जिस पर टूपर ने गोल करके टीम को जीत दिला दी।इस गोल के होते ही पाकिस्तानी खिलाड़ी गहरी निराशा में डूब गए और भारी कदमों से मैदान से बाहर आए।

Have your say!