ranchiexpress.com   Web       
Home » Miscellaneous » 11 March 2010 »

महिला बिल पर सरकार नरम

नयी दिल्ली, सरकार ने आज महिला आरक्षण विधेयक का कड़ा विरोध कर रहे सपा, राजद और जदयू जैसे दलों के प्रति कुछ नरमी का संकेत दिया है। उसने आश्वासन दिया कि लोकसभा में इस विधेयक को चर्चा के लिए रखे जाने के समय मतभेदों को कम करने के लिए विभिन्न संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। महिला आरक्षण विधेयक के वर्तमान स्वरूप के विरोध में आज लगातार चौथे दिन इन दलों द्वारा लोकसभा की कार्यवाही में विघ्न डाले जाने पर अध्यक्ष मीरा कुमार ने इनके नेताओं को अपनी बात रखने का अवसर दिया।
लालू प्रसाद, मुलायम सिंह यादव और शरद यादव द्वारा अपना पक्ष रखे जाने के बाद सदन के नेता प्रणव मुखर्जी ने आश्वासन दिया कि लोकसभा में इस विधेयक को लाने से पहले हम आपसे बात करेंगे। उन्होंने कहा कि यूं तो इस विधेयक पर राजग, संप्रग के पिछले और वर्तमान शासन के समय से ही राजनीतिक दलों के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई हल नहीं निकला। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद लोकसभा में यह विधेयक लाये जाने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने में कोई हर्ज नहीं है। मुखर्जी ने कहा, लोकसभा में इस विधेयक पर चर्चा के दौरान विभिन्न संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं, जिनसे मतभेद कम हो सकें।
महिला विधेयक पर आ रही अड़चनों की ओर संकेत देते हुये उन्होंने कहा कि ऐसे कई उदाहरण हैं, जब एक सदन द्वारा किसी संविधान संशोधन विधेयक को मंजूर किये जाने पर दूसरा सदन उसे नामंजूर कर देता है और वह कानून नहीं बन पाता।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.