ranchiexpress.com   Web       
Home » Education Express » 13 March 2010 »

कैसे होती है रेलवे में भर्ती

बढ़ती बेरोजगारी के इस दौर में भारतीय रेलवे कई स्तरों पर रोजगार का अवसर प्रदान करता है। रेल नेटवर्क के लिहाज से भारतीय रेल का विश्व में दूसरा स्थान है, जबकि रोजगार प्रदान करने के लिहाज से यह विश्व में पहले स्थान पर है। भारतीय रेलवे में रिक्त पदों की भर्ती रेलवे भर्ती बोर्डों (रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड- आरआरबी) के माध्यम से की जाती है। इस समय पूरे भारत में कुल 19 रेलवे भर्ती बोर्ड क्रियाशील हैं।
1942 में पहली बार सबॉर्डिनेट स्टाफ की भर्ती के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे में सर्विस कमीशन गठित किया गया, जिसे बाद में बढ़ाकर कई क्षेत्रों में स्थापित किया गया। जनवरी 1985 में रेलवे सर्विस कमीशनों का नाम बदलकर रेलवे भर्ती बोर्ड कर दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के माध्यम से भारतीय रेल कर्मचारियों की भर्ती की जाती है। इन परीक्षाओं का आयोजन संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) और रेलवे भर्ती बोर्ड के माध्यम से किया जाता है। रेलवे में तीन स्तरों पर नियुक्ति होती है- ग्रुप ‘ए’, ग्रुप ‘बी’ एवं ग्रुप ‘सी’। ग्रुप ‘ए’ अधिकारियों की नियुक्ति संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के माध्यम से की जाती है। ग्रुप ‘सी’ से सीधा प्रोन्नत कर ग्रुप ‘बी’ अधिकारी बनाया जाता है। ग्रुप ‘सी’ के तहत आने वाले पदों की नियुक्ति रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के माध्यम से की जाती है। इसके माध्यम से सभी रेलवे जोनों और रेलवे के अधीनस्थ उत्पादन इकाइयों के विभिन्न पदों पर नियुक्ति की जाती है। आरआरबी विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रियाएं आयोजित करता है। इसके तहत आने वाले पदों को दो वर्गों में विभाजित किया जाता है- टेक्नीकल व नॉन टेक्नीकल। इसके अलावा रेलवे की सुरक्षा के लिए गठित रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल के लिए भी भर्ती प्रक्रियाएं आयोजित करता है। इन सभी पदों की रिक्तियों के लिए समय-समय पर रोजगार समाचार एवं राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित किये जाते हैं। इसके अलावा संबंधित रेलवे भर्ती बोर्डों के वेबसाइट पर उपलब्ध होते हैं।
टेक्निकल कैडर
इस कैडर के तहत कई पद आते हैं जिसमें ड्राइवर, मोटरमैन, सिग्नलमैन, लोको पायलट आदि के पद आते हैं। इन सभी पदों की भर्ती दो चरणों में किए जाते हैं। प्रथम चरण में लिखित परीक्षा होती है जिसमें भाषा ज्ञान, सामान्य ज्ञान, सामान्य बुध्दिमता व अंकगणित से प्रश्न पूछे जाते हैं। इसके अलावा लिखित परीक्षा के प्रश्न पत्र में टेक्नीकल कैडर से भी प्रश्न पूछे जाते हैं। लिखित परीक्षा का स्वरूप वस्तुनिष्ठ होता है। भाषा ज्ञान में अंग्रेजी व हिंदी या क्षेत्रीय भाषाओं से जुड़े प्रश्न रहते हैं। सामान्य ज्ञान में स्कूली स्तर के पाठयक्रम पर आधारित प्रश्न और समसामयिक घटनाओं पर आधारित होते हैं। सामान्य बुध्दिमता में तार्किक प्रश्न पूछे जाते हैं। अंकगणित में पूछे जाने वाले प्रश्न भी स्कूली पाठयक्रम पर आधारित होता है। दूसरे चरण में लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है। कुछ पदों के लिए कौशल परीक्षण भी लिया जाता है। ऑपरेशनल सेफ्टी से जुड़े पदों के लिए मनोवैज्ञानिक परीक्षण किया जाता है। उसके बाद अंतिम में मेडिकल परीक्षण में सफल अभ्यर्थी को नियुक्त कर लिया जाता है।
नॉन-टेक्निकल कैडर
नॉन-टेक्निकल कैडर में वे सभी पद आते हैं, जिसमें तकनीक विशेष से खास सरोकार नहीं है। इसके तहत आने वाले प्रमुख पद हैं- सहायक स्टेशन मास्टर (एएसएम), टिकट कलेक्टर, क्लर्क, गार्ड्स आदि। इसके लिए भी भर्ती दो चरणों में आयोजित किए जाते हैं- लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार/मनोवैज्ञानिक परीक्षण। लिखित परीक्षा में भाषा ज्ञान, सामान्य ज्ञान, सामान्य बुध्दिमता व अंकगणित से प्रश्न पूछे जाते हैं। इसके भी लिखित परीक्षा का स्वरूप वस्तुनिष्ठ होता है। भाषा ज्ञान में अंग्रेजी व हिंदी या क्षेत्रीय भाषाओं, सामान्य ज्ञान में स्कूली पाठयक्रम व समसामयिक घटनाओं पर आधारित प्रश्न, सामान्य बुध्दिमता में तार्किक प्रश्न तथा अंकगणित में भी स्कूली पाठयक्रम पर आधारित प्रश्न पूछे जाते हैं।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam. If your reaction is in Hindi and if our editorial team approves your reaction, we might print it under "Letters to Editor" column of Ranchi Express print edition.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever. If your reaction is in Hindi and if our editorial team approves your reaction, we might print it under "Letters to Editor" column of Ranchi Express print edition.