जेल अधीक्षक आवास परिसर में दुष्कर्म के बाद हत्या
दुमका सेंट्रल जेल अधीक्षक के आवास परिसर स्थित पुलिस बैरक के पाकशाला में तीन कक्षपाल समेत चार लोगों ने मिलकर एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इस घटना को लेकर केन्द्रीय कारापाल उपान्द गुप्ता की लिखित शिकायत पर दुमका नगर थाने में भादवि की धारा 376, 2(जी), 302, 34 के तहत कारा अधीक्षक के आवास में ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों जेल का स्थायी सिपाही सेमशन हांसदा, (राजापोखर, बौसी), अनुबंध पर नियुक्त भूतपूर्व सैनिक लारेन्स मरांडी (सरूवा), बसिया सिदो (मसानजोर) और जेल में नाई के पद पर अनुबंध पर कार्यरत विष्णु कुमार मंडल(मधुबनी) को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
प्राथमिकी के मुताबिक गुरुवार की रात इन चारों ने लखीकुंडी गांव निवासी दो बच्चे की मां लखी देवी (32) को अय्याशी के लिए आवास पर लाया और सामूहिक दुष्कर्म के बाद रड से उसके सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना में मृत महिला के साथ बगझोपा गांव की रासमुनि देवी (काल्पनिक नाम) भी थी, जो जान बचाकर भागने में सफल रही। महिला की मौत के बाद लाश को पाकशाला में चादर से ढककर रखा गया था और आरोपी लाश को छुपाने की फिराक में थे। इस बीच शुक्रवार को देर शाम पुलिस को भनक लगी तो नगर थाना प्रभारी शैलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने छापामारीकर लाश को बरामद किया और सभी आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और सभी गिरफ्तार आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में घटना की पुष्टि की है और बताया कि पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गयी है।
Print This News
|
Send to Friend


Have your say!