राज्य में आधारभूत संरचना का घोर अभाव : मरांडी
झारखंड विकास छात्र मोर्चा का प्रतिनिधि सम्मेलन झाविमो के केन्द्रीय कार्यालय में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की आबादी दो प्रतिशत की दर से बढ़ रही है किंतु उस अनुपात में आधारभूत संरचना का घोर अभाव है। महाविद्यालयों तथा शिक्षकों की घोर कमी है। इसलिए अगले बीस वर्षों को देखते हुए भविष्य की नीति बनाने की आवश्यकता है। सम्मेलन की अध्यक्षता रांची विश्वविद्यालय प्रभारी अभिषेक कुमार ने की। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय महासचिव प्रवीण कुमार सिंह ने राज्य से छात्रों के पलायन पर चिंता जतायी। उन्होंने छात्र शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। केन्द्रीय महासचिव राजीव रंजन प्रसाद ने विषय प्रवेश के दौरान कहा कि राज्य में पठन-पाठन का कार्य पूरी तरह ठप्प पड़ा हुआ है परंतु सरकार इस संदर्भ में विचार तक नहीं कर रही है। रांची जिला महानगर अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा ने प्रत्येक जिला में नये महाविद्यालय स्थापित करने पर जोर दिया।
प्रतिनिधि महाधिवेशन में 22 एवं 23 मई को होने वाले झाविमो के महाधिवेशन में अधिकाधिक छात्रों की भागीदारी पर चर्चा हुई। इसके अलावा प्रत्येक महाविद्यालय से कम से कम 20 छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
मंच संचालन आकाश कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन अमृत कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम में छात्र प्रतिनिधि के रूप में आकाश कुमार, रेहान अहमद, सत्यप्रकाश, मुकेश कुमार, प्रदीप पासवान, संजय कुमार, शशिरंजन, आदर्श कुमार, रोहित कुमार, अनुज कुमार, मो. असगर, सुश्री सीमा कुमारी, कुमार ऋषि, सुधीर जुगल, रविशंकर मुंडा सहित कई छात्र उपस्थित थे।

Have your say!