ranchiexpress.com   Web       
Home » Miscellaneous » 11 May 2010 »

अरबी ने इंटरनेट पर रच दिया इतिहास

इंटरनेट की दुनिया में अरबी भाषा ने इतिहास रचा। अब अंग्रेजी के अक्षरों के अलावा अरबी में भी इंटरनेट वेबसाइट का नाम टाइप किया जा सकेगा। मिस्र, सऊदी अरब और यूएई में वेबसाइट का पता अरबी में लिखा जा सकेगा। इंटरनेट पतों के लिये नाम और अंकों का निर्धारण करने वाली संस्था इंटरनेट कॉरपोरेशन ने अपने ऑनलाइन बयान में कहा है, इंटरनेट के इतिहास में पहली बार, टॉप लेवल के डोमेन के लिए नॉन लैटिन अक्षरों का इस्तेमाल किया गया। अरबी ऐसी पहली गैर लैटिन भाषा है जिसके अक्षर को डोमेन के नाम में इस्तेमाल किया गया। इंटरनेट की भाषा में टॉप डोमेन का मतलब डॉट कॉम, डॉट ओआरजी या डॉट नेट से है।
इंटरनेट कॉरपोरेशन ने बताया कि अरबी में दाएं से बाईं तरफ आसानी से डोमेन नेम लिखा जा रहा है। अरबी का पहला डोमेन मिस्र ने बनाया है, जिसका नाम ‘मस्र’ रखा गया है। इस सफलता के बाद मिस्र, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में इंटरनेट वेबसाइट्स के नाम अरबी में रखे और टाइप किए जा सकेंगे। इस क्रांति के साथ ही मध्य पूर्व के देशों में रहने वाले लोग अरबी भाषा में इंटरनेट का इस्तेमाल आसानी से कर सकेंगे।
अरबी के बाद कई और भाषाएं भी डोमेन नेम पाने के लिये दस्तक दे रही है। इंटरनेट कॉरपोरेशन का कहना है कि चाइनीज, श्रीलंका की सिंघली, तमिल और थाई भाषाओं को डोमेन नेम दिये जाने का काम भी आखिरी दौर में हैं। ताइवान और हांगकांग इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। रूसी डोमेन नेम इसी साल इंटरनेट ब्राउजर पर आ जायेगा। इंटरनेट कॉरपोरेशन के मुताबिक 11 भाषाओं में 11 डोमेन नेम दिये जाने की दरख्वास्त की गयी है। जानकारों का कहना है कि इस अभूतपूर्व सफलता से इंटरनेट को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने में अपार मदद मिलेगी। दुनिया की आधी आबादी गैर लैटिन अक्षरमाला पर आधारित भाषाओं पर निर्भर है। फिलहाल ऐसी जानकारी है नहीं कि हिंदी डोमेन नेम कब आयेगा।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.