ranchiexpress.com   Web       
Home » Ranchi » 16 May 2010 »

पिस्का मोड़ से कचहरी रोड तक फ्लाई ओवर निर्माण का प्रस्ताव

राष्ट्रीय उच्च पथ विकास परियोजना (एनएचडीपी) के अन्तर्गत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा झारखंड राज्य में कराये जा रहे राजमार्ग के उन्नयन कार्य को सुचारू रूप से त्वरित संपादन हेतु राज्य सरकार के सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय करने हेतु पूर्व से मुख्य सचिव, झारखंड की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक मुख्य सचिव के कार्यालय कक्ष में आज की गई। बैठक में राज्य सरकार की ओर से प्रधान सचिव, वन एवं पर्यावरण, राजस्व, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, सचिव, पथ निर्माण विभाग, प्रमंडलीय आयुक्त, रांची उपायुक्त, हजारीबाग, रांची, सरायकेला- खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सदस्य (परियोजना), मुख्य महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी एवं पथ निर्माण विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बताया गया कि बैठक में वर्तमान में झारखंड के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 33 के 4-लेनिंग का कार्य कराया जा रहा है जिसमें हजारीबाग, रांची खण्ड से कार्य शुरू कर दिये गए हैं।
विगत 10 अप्रैल को अध्यक्ष, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की मुख्य सचिव, झारखंड के साथ हुई बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-33 में 4-लेनिंग कार्य अन्तर्गत निर्माण गतिविधियों को एक निश्चित समय सीमा के अंदर कराये जाने निमित मुख्य सचिव द्वारा समय सीमा निर्धारित की गई थी। आज की बैठक में दिनांक 10 अप्रैल 2010 को लिए गए निर्णय के आलोक में सम्बध्द विभागों द्वारा अनुपालन की समीक्षा की गई। पाया गया कि लिये गये निर्णयों के संबंध में अधिकांशतः बिन्दुओं का अनुपालन हो गया है। मुख्य सचिव द्वारा कुछेक बिन्दुओं पर जहां सम्बन्धित विभाग/ पदाधिकारी द्वारा कतिपय कारणों से कार्रवाई नहीं की जा सकी है, स्पष्ट दिशा निर्देश दिये गये। साथ ही उन बिन्दुओं पर मुख्य सचिव द्वारा पुनः समय सीमा निर्धारित करते हुए अगली बैठक दिनांक 15.06.10 को निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-75 पर पिस्का मोड़ से कचहरी चौक तक फ्लाई ओवर के निर्माण एवं धनबाद में रिंग रोड/ बाईपास निमित्त करायी जा रही है संभाव्यता सह प्रारंभिक डिजाइन अध्ययन पर भी चर्चा की गई। एनएचएआई की ओर से सदस्य (परियोजना) द्वारा बताया गया कि पिस्का मोड़ पर फ्लाई ओवर के निर्माण के संभाव्यता अध्ययन पर आधारित निर्माण का प्रस्ताव सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार की अगले महीने की 10वीं तारीख तक एवं एनएचएआई द्वारा भेज दिया जायेगा।
सचिव पथ निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि धनबाद में रिंग रोड/ बाईपास के लिए कराई जा रही संभाव्यता अध्ययन में आ रही अड़चनाें को शीघ्र दूर कर लिया जायेगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि एनएचएआई एवं राज्य सरकार के संबंधित विभागों/ पदाधिकारियों द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है, फिर भी चूंकि राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-33 के 4-लेनिंग का कार्य एवं प्रतिष्ठित परियोजना है। अतः यह सभी का दायित्व है कि परियोजना समय सीमा के भीतर गुणवत्ता सहित पूर्ण हो।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.