मिट्टी की कलाकृतियों से सजाएं अपना घर
आमतौर पर मिट्टी को सजावट के लिये इस्तेमाल करने को लेकर लोग गंभीर नहीं होते। कुछ लोग तो इस तरह के आइडियाज सुनकर ही नाक भौं सिकोड़ने लगते हैं। लेकिन अगर रचनात्मक के साथ इस्तेमाल किया जाय, तो आप मिट्टी से बनीं कलात्मक चीजों से अपने घर को एक खास अंदाज दे सकते हैं। सी चीजों को टेराकोटा-कृतियों के नाम से जाना जाता है।
दरअसल, टेराकोटा मिट्टी का ही एक खास रूप है। टेरा का मतलब भी मिट्टी ही होता है। इसका रंग आमतौर पर भूरा और लाल होता है, जिसका इस्तेमाल मूर्तिकला और पाटरी में किया जाता है। टेराकोटा से बनी चीजें व कलाकृतियां इतनी आकर्षक लगती हैं, जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। खास बात यह भी है कि यह कलाकृतियां कीमत के मामले में भी आपकी पहुंच में ही होती हैं। इनमें विकल्पों की भरमार होने के साथ एक फायदा यह भी है कि यह बेहद टिकाऊ भी होती हैं। अगर आपको मिट्टी से बनीं चीजों का शौक है, तो टेराकोटा से बनी चीजें आपके लिये अच्छा आप्शन हो सकती है। यह जहां आपके घर को ग्रामीण सादगी व खूबसूरती से जोड़ेगा, वहीं घर को एलिगेंट व सोफिस्टिकेटेड लुक भी देगा। यकीन मानिये, इससे आपके घर के इंटीरियर्स में डाउन टु अर्थ की खुशबू महक उठेगी।
टेराकोटा हर जगह आसानी से मिल जाता है। टेराकोटा की सजावटी चीजें आपको कहीं भी सड़क के किनारे दिख ही जायेंगी। छोटी दुकानों से लेकर नामी शोरुमों तक में भी आपको यह आसानी से मिल जायेंगी। चूंकि ये मिट्टी से ही बनी होती हैं, इसलिये इनकी कीमतें आमतौर पर आपको जेब की पहुंच के भीतर होती हैं। अगर अच्छी तरह मोलभाव करें, तो मध्यम आकर का एक पॉट 200 रुपये तक में मिल जायेगा। आमतौर पर किसी भी आइटम की कीमत कुछ हजार रुपये से ज्यादा नहीं होती। हां, यदि कलाकृति में क्रिस्टल्स आदि का इस्तेमाल, किया गया हो, तो कीमत थोड़ी ज्यादा हो सकती है। सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप इन चीजों को सड़क किनारे लगने वाली दुकानों से ही खरीदें और उसके बाद उन्हें सजाने व रंग-रूप देने का काम खुद करें। आप इस पर रंग रोगन कर सकते हैं या फिर बीड्स, सुनहरे धागे और रंगीन व सिल्की कागज जैसी एसेसरीज का इस्तेमाल कर मिट्टी की इन कलाकृतियों और भी सुंदर और आकर्षक बना सकते हैं।
वाल आर्ट से बोल उठेंगी दीवारें
अपने परिवार के सदस्यों की फोटो को टेराकोटा प्रेम में सजाकर खाली दीवार पर टांगे। फिर देखिए, आपके घर की दीवारें कैसे बोल उठती हैं। आप क्ले रिंग्स से भी दीवारों को एक खास लुक दे सकते हैं। टेराकोटा की चीजों से सजी दीवारें और उसके बीच में एक दीवार घड़ी, बरबस ही सबका ध्यान आकर्षित करेगी। इन सबके बीच, यदि एक लैंप का इस्तेमाल भी किया जाय, तो यकीनन किसी की नजर वहां से नहीं हट पायेगी। टेराकोटा वाल आर्ट ऐसे घरों के लिये वरदान साबित हो सकती है, जहां जगह की कमी हो। टेराकोटा आर्ट का इस्तेमाल दीवारों के अलावा दरवाजों और कारिडोर्स में भी, उन्हें एस्थेटिक लुक देने के लिय, किया जा सकता है।
रॉयल टच देते आर्टिफैक्टस
आपकी कीफे टेबल और साइड टेबल पर यदि एक कतार में टेराकोटा से बने छोटे-छोटे घोड़े व हाथी रख दिये जायें, तो उसकी खूबसूरती का अंदाजा आप लगा सकते हैं। आमतौर पर इन टेबल्स का लुक काफी रुटीन टाइप होता है, लेकिन ये कालकृतियां उन पर रख देने से आप माहौल को एक रॉयल टच दे सकते हैं। घर में यदि कोई ऐसा कोना हो, जहां लोग नहीं जाते हों, तो आप वहां विभिन्न आकारों व ऊचाइयों वाले टेराकोटा पाट्स रख सकते हैं। ऐसी जगह पर यदि कोई घड़ा रख दिया जाय, जिसकी गरदन जमीन की ओर झुकी हो, तो ऐसा लगेगा मानो घड़े से पानी निकलकर फर्श पर जा रहा हो। टेराकोटा स्टैचू भी ऐसी जगहों पर रखी जा सकती हैं। टेराकोटा की कुछ चीजों को आप अपने लिविंग रूम में भी जगह दे सकते हैं। ये आपके लिविंग रूम को देंगे अर्थी और पीसफुल लुक।कुछ टेराकोटा हाथियों को यदि घर के प्रवेश द्वार के पास रखा जाय, तो वे आने वालों को आमंत्रम देते प्रतीत होंगे। टेराकोटा प्रूट प्लेट व बास्केट आपके किचन ही नहीं, बल्कि डाइनिंग रूम को भी खास लुक देने में मददगार होंगे। टेराकोटा के सजावटी डोर-प्रेम्स माहौल में एक अजीब सी खुशी व उल्लास भरते हैं। इसलिये आप टेराकोटा डोर प्रेम को अपने बेडरूम के डोर प्रेम के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। टेराकोटा की कलाकृतियां घर को एक डिफरेंट लुक देती हैं। आप भी टेराकोटा की बनी कलाकृतियों से अपने घर को सजा सकते हैं।


Have your say!