सरकार बनाने की कवायद एक बार फिर शुरू
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक बार फिर भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने की संभावना तलाशना शुरू कर दी है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार भाजपा के कुछ नेताओं के साथ हेमंत सोरेन ने आज नयी दिल्ली में पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज से मुलाकात की और चर्चा की कि क्या एक बार फिर भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने की कोई संभावना बन सकती है।
भाजपा-झामुमो गठबंधन सरकार गिरने के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया और अब जैसे-जैसे समय बीत रहा है वैसे-वैसे विधायकों की बेचैनी भी बढ़ रही है। विधानसभा के निलंबित रहने से विधायकों को देय सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है जिसका दर्द छलक भी जाता है।
झामुमो के लिये सत्ता से अलग रहना मुश्किल हो रहा है। झामुमो में सरकार बनाने को लेकर मतभेद रहा है। पार्टी के कुछ विधायक कांग्रेस के साथ सरकार बनाना चाहते हैं तो कुछ भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने के पक्षधर हैं। वैसे निकट भविष्य में सरकार बनने की संभावना नजर नहीं आती है।
मालूम हो कि इससे पहले भी भाजपा और झामुमो के बीच सरकार बनाने को लेकर कोशिशें हो चुकी हैं लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकल सका था और अन्ततः शिबू सोरेन को इस्तीफा देना पड़ा था।

Have your say!