सोच समझकर करें फैसला
अगर आपको कोई मकान पसंद आ गया है और उसकी कीमत भी वाजिब लग रही है, तो आपकी अलगी तलाश होम लोन फाइनेंसर की होगी। यह लाखों रुपये का मामला है और आने वाले कई सालों तक आपको एक निश्चित रकम इस मद में बचानी होगी, तो एक सही फायनेंसर ढूंढना जरूरी है।
फायनांसर का चुनाव
ध्यान रखें कि लोन सेंक्शन होने के बाद भी पूरी लोन अवधि के दौरान आपको अपने फाइनांसर के साथ संपर्क बनाए रखना होगा, इसलिये आपके फाइनांसर की कस्टमर केयर पालिसी अच्छी होनी चाहिये। कस्टमर रिलेशंस मेंटेन करने पर कंपनी का ध्यान होगा, तो आपकी कई मुश्किल बेहद आसानी से दूर हो जायेंगी, वरना शिकायतों का अंबार लग सकता है। कस्टमर के प्रति फाइनेंस कंपनी या बैंक का रवैया जानने के लिये उसके पुराने ग्राहकों से संपर्क कर सकते हैं। अगर आपके किसी दोस्त या परिचित ने भी उस कंपनी से लोन लिया है, तो इस बारे में उससे जानकारी लेना न भूलें। कंपनी का पुराना रिकार्ड भी चेक करें कि उसने ब्याज दरों में कमी का कितना फायदा अपने ग्राहकों को दिया है और वह कंपनी ब्याज दरें सबसे पहले बढ़ाने वालों में से तो नहीं है? इन तहकीकातों को करने से आप एक सही फायनांसर का चुनाव कर सकेंगे। आर्थिक स्थिति का आंकलन आपको कितना लोन चाहिय यह तय करने से पहले अपनी आर्थिक क्षमताओं का आंकलन कर लीजिये। अपनी इनकम और देनदारियों पर एक निगाह डालने के बाद आप यह अनुमान आसानी से लगा सकेंगे कि आप होम लोन की किस्तों के लिए अधिकतम कितनी रकम बचा सकते हैं। अपने पास मौजूद रकम का अनुमान लगाने के लिये आप अपनी इनकम, सेविंग्स, इनवेस्टमेंट्स पेंशन फंड, इंश्योरेंस और अन्य होल्डिंग्स पर गौर करना न भूलें। इससे पता चलेगा कि आप अपने नये मकान पर कितनी रकम खर्च कर सकते हैं। होमलोन के रूप में इतनी बड़ी रकम का कर्ज सिर पर मत लीजिएगा, जिसे आप चुका न सकें। इससे आपको डिफाल्टर घोषित करने का डर पैदा हो सकता है।
ज्यादा से ज्यादा डाउन पेमेंट
मकान की कीमत की सारी रकम लोन के रूप में नहीं लेनी चाहिये। आमतौर पर यह संभव भी नहीं होता। ऐसे में होम लोन लेने से पहले डाउन पेमेंट के लिये कुछ रकम का इंतजाम करना जरूरी होता है। यह रकम जितनी ज्यादा होगी, आपको उतना ही कम होम लोन लेना पड़ेगा। नतीजतन, आपको सिर पर कम से कम ईएमआई का बोझ चढ़ेगा। यह भी ध्यान रखें कि आपको सिर्फ होम लोन इंटरनेट के रूप में खर्च नहीं करना है, बल्कि मकान लेने के बाद आपको उसकी मेटेनेंस, टैक्स, लोन इंश्योरेंस जैसे मदों में खर्च करना पड़ेगा।
लोन अवधि का निर्धारण
आपको होम लोन कितने समय में वापस करना है, यानी लोन टेन्योर कितना रहेगा, इसका फैसला भी सोच-समझकर करना चाहिये। कुछ लोग लोन को जल्दी से जल्दी वापस कर देना चाहते हैं, जिससे उनपर भार कम हो सके। दरअसल, उन्हें डर होता है कि व्याज दरें उनकी पहुंच से बाहर जाने पर वे लोन नहीं चुका सकेंगे और तब उन्हें डिफाल्टर घोषित किया जा सकता है। ऐसे लोग कम अवधि के लोन लेना पसंद करते हैं। हालांकि इसके लिये उन्हे ज्यादा ईएमआई देनी पड़ती है और वे जितने समय तक लोन चुकाते हैं, इसके लिये उन्हें हर महीने मोटी रकम बचानी पड़ती है। जो लोग हर महीने मोटी रकम ईएमआई के लिये नहीं बचा सकते, उनके लिये लंबी अवधि का होम लोन लेना सही रहता है। ज्यादा अवधि में लोन वापसी के लिये ईएमआई की रकम कम होती है, जो काफी पाकेट प्रेंडली नजर आती है। हालांकि इस स्थिति में होम लोन इंटरेस्ट के रूप में कुछ ज्यादा रकम चुकानी पड़ती है। आपके लिये कितनी अवधि का लोन सही रहेगा, इसका फैसला लेने के लिये इस बात पर गौर करें कि आप ब्याज दरों में कितना उतार-चढ़ाव झेल सकते हैं, आप हर महीने कितनी रकम बचा सकते हैं और आपकी अन्य देनदारियां कितनी हैं? आमतौर पर यह देखा गया है कि ज्यादातर लोग आठ सालों में होम लोन चुकाना पसंद करते हैं। अगर आप इससे ज्यादा समय के लिये लोन लेते हैं, तो ऐसी कंपनी के पास जायें, जो प्रीपेमेंट पेनाल्टी बहुत कम या नहीं लेती। इससे आपको ज्यादा लोन मिल सकेगा और ईएमआई का बोझ भी कम पड़ेगा।
कागजात
होम लोन के लिय एप्लाई करने से पहले तमाम जरूरी कागजात अपने पास सुरक्षित रख लेने चाहिये। किसी कागज की कमी या अधूरी जानकारी आपकी लोन एप्लीकेशन रिजेक्ट होने का कारण बन सकती है। ज्यादा बैंक या फायनेंस कंपनी कागजात के रूप में एज प्रूफ, फोटो आईडी, फार्म 16, तीन महीने की सैलरी स्लिप, सैलरी अकाउंट की छह महीने की बैंक स्टेटमेंट, रेजिडेंशल एड्रेस प्रूफ आदि मांगते हैं।
स्कीम का चुनाव
होम लोन कम्पनी आपके सामने कई तरह के विकल्प रखेगी जैसे- फिक्स्ड, फ्लोटिंग, स्टेप अप, स्टेप डाउन और हाइब्रिड लोन। माना जाता है कि फ्लोटिंग रेट के मुकाबले फिक्स्ड लोन ज्यादा महंगे रहते हैं। लेकिन फ्लोटिंग होम लोन के मामले में आप ब्याज दरों का पूर्वानुमान नहीं लगा सकते। हाइब्रिड लोन इन दोनों के बीच की कड़ी है। इसमें लोन की कुछ रकम फिक्स्ड रेट से और कुछ फ्लोटिंग रेट से वापस की जाती है।


Have your say!