एलआईसी करेगी इस वर्ष 10,000 कर्मचारियों की भर्ती
अग्रणी बीमा कंपनी एलआईसी अपनी विकास योजनाओं को गति देने के लिये चालू वित्त वर्ष में 10,000 कर्मचारियों की भर्ती करेगी। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के प्रबंध निदेशक ए.के. दासगुप्ता ने कहा, इस वर्ष हमारी विभिन्न कैडरों में 10,000 लोगों की भर्ती की योजना है। पिछले वर्ष एलआईसी ने विभिन्न कैडरों में इतनी ही संख्या में कर्मचारियों की भर्ती की थी। उन्होंने कहा कि एलआईसी की विकास योजनाआके को गति देने के लिये लगभग 5,000 विकास अधिकारियों की भर्ती की जाएगी। फिलहाल, एलआईसी के कर्मचारियों की संख्या 1,15,000 है। इसमें 21,000 प्रथम श्रेणी (क्लास वन) के अधिकारी हैं। एलआईसी सिंगापुर में अपनी संबंधित इकाई स्थापित कर विदेशों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की भी योजना बना रही है। एलआईसी ने वहां अपनी इकाई की स्थापना के लिये विनियामक मंजूरी मांगी है। बीमा कंपनी फिलहाल ब्रिटेन, मॉरिशस, केन्या, नेपाल और श्रीलंका में मौजूद हैं। इसके अलावा सउदी अरब, कुवैत, दुबई, अबुधाबी, ओमान और कतर में उसकी शाखा है।


Have your say!