इंटक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू
इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आज से रांची स्थित होटल बीएनआर में शुरू हो गयी। बैठक में देश की आर्थिक, औद्योगिक श्रम नीति पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा सांसद डा. संजीवा रेड्डी सहित देश के सभी राज्यों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। जिसकी अध्यक्षता इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री तथा विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह ने की। बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.रेड्डी ने कहा कि मजदूरों के हितों की मांग को लेकर तथा उनके हित में बनाये गये कानून को लागू करने की मांग को लेकर सभी ट्रेड यूनियनें सात सितंबर को एकदिवसीय देशव्यापी हड़ताल पर जायेंगी। इसके बाद भी यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो संसद मार्च का आयोजन किया जायेगा। डा. रेड्डी के साथ राजेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। इस हड़ताल में इंटक, बीएमस, एटक, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी, टीयूसीसी, एआईसीसीटीयू, यूटीसी, एलपीएफ आदि ट्रेड यूनियन शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सभी ट्रेड यूनियनों ने मिलकर आल सेंट्रल ट्रेड यूनियन आर्गनाइज को-आर्डिनेशन कमेटी का गठन किया। श्री रेड्डी ने कहा कि देश की आजादी के बाद यह पहला मौका है जब सभी ट्रेड यूनियनें मिलकर एक साथ हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजूदरों के लिए बनाये गये सामाजिक सुरक्षा कानून को लागू करने, जिसके तहत मजदूरों को स्वास्थय, उनके बच्चों के लिए शिक्षा तथा मजदूरों को पेंशन देने का प्रावधान है को लागू करने, सभी मौलिक श्रम कानूनों को कठोरता से लागू करने तथा श्रम कानूनों के उल्लंघन पर दंडात्मक कदम उठाने, मजदूरों के लिए सस्ती दर पर अनाज उपलब्ध कराने आदि मांग को लेकर ट्रेड यूनियनों ने सात सितंबर को हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। डा.रेड्डी ने कहा कि इस हड़ताल से रेलवे के मजदूरों को मुक्त रखा गया है।

Have your say!