ranchiexpress.com   Web       
Home » Politics » 19 July 2010 »

कांग्रेस नहीं चाहती राज्य में सरकार बने : हेमंत

गोबिन्दपुर (धनबाद) : झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन ने कहा है कि कांग्रेस नहीं चाहती कि राज्य में फिर से सरकार बने। राज्यहित को देखते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार बनाने के पक्ष में है क्योंकि राष्ट्रपति शासन के कारण सूबे में विकास के कार्य ठप पड़ गये हैं। श्री सोरेन कल शाम गोबिन्दपुर में आयोजित मिलन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शासन में भी लूट-खसोट की नीयत से राज्य में व्यापक पैमाने पर ट्रांसफर पोस्टिंग का खेल जारी है, लेकिन न केवल कांग्रेस बल्कि कोई भी अन्य दल इस मामले के प्रति गंभीर नहीं है। श्री सोरेन ने कहा कि उनकी पार्टी सम्मानपूर्ण तरीके से सरकार बनाने के पक्ष में है इसका मतलब यह नहीं लगाया जाना चाहिए कि अगर चुनाव हुआ तो हमारी स्थिति नाजुक हो जायेगी। पार्टी चुनाव में जाने के लिए भी तैयार है। अगर आज चुनाव हो जाये तो झामुमो बिना किसी सहयोग के सरकार बनाकर दिखा देगी। पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन के बारे में चर्चा करते हुए हेमंत ने कहा कि राज्य के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले उन्होंने जब-जब गद्दी सम्भाला, कोई न कोई षड्यंत्र कर उन्हें कुर्सी से उतार दिया गया। बाबूलाल पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी का तमाशा जनता गौर से देख रही है, चुनाव में उन्हें उनका सही जवाब मिल जायेगा। जेपीएससी घोटाले के पर्दाफाश होने के मामले में हेमंत की प्रतिक्रिया थी कि उक्त घोटाले को उजागर करने का श्रेय राज्यपाल न लूटें क्योंकि दरअसल उसकी अनुशंसा शिबू सोरेन ने ही की थी। पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि राष्ट्रपति शासन में राज्य का विकास असंभव है। हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी हुसैन ने कहा कि चुनी हुई सरकार ही विकास कार्य कर सकती है। इससे पूर्व पार्टी में पुनर्वापसी पर हेमंत एवं मथुरा महतो ने मन्नू आलम को पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। सभा को एके सहाय, रेखा मंडल, कंसारी मंडल, सरकार मुर्मू, रमेश टुडू, अमान अंसारी, कल्याण भट्टाचार्य, सपन बनर्जी आदि ने भी सम्बोधित किया। अध्यक्षता तसलीम अंसारी व संचालन अशोक गिरि एवं शांतिराम रजवार ने संयुक्त रूप से किया।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.