ranchiexpress.com   Web       
Home » Jharkhand » 24 July 2010 »

चार गिरफ्तार, एक लाख रुपये के जेवरात बरामद

हजारीबागः पुलिस ने पदमा ओपी अन्तर्गत एक माह पूर्व हुई डकैती की घटना का उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में शामिल पांच अपराधियों में से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य फिलहाल फरार है। अपराधियों के पास से पुलिस ने करीब एक लाख रुपये मूल्य के चोरी के जेवरात व मोबाइल सेट भी बरामद कर लिए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पंकज कंबोज ने बताया कि गत 21 जून को पदमा ओपी अन्तर्गत रांची पटना राष्ट्रीय उच्च पथ के किनारे रहने वाले सूर्य नारायण मेहता के घर पांच लोगों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। तब अपराधियों ने कुछ दिन पूर्व सूर्यनारायण मेहता की बेटी की शादी में चढ़ाए गये जेवर पर अपना हाथ साफ किया था। डकैती की घटना के दिन उसकी बेटी ससुराल से लौटी थी। सूर्यनारायण मेहता के घर के सामने के होटल के संचालक उपेन्द्र कुमार ने इस घटना की योजना बनाई थी। उसने जगदीश महेता उर्फ भोला (इचाक मंगुरा निवासी), अजय कुमार उर्फ छोटू (मंगुरा निवासी उमा शंकर मेहता का पुत्र), बरही करियातपुर निवासी केदार साव के पुत्र अजय भगत एवं इसी गांव के सुभाष स्वर्णकार के पुत्र मनोज सोनी के साथ मिलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। सभी अपराधियों ने अपना चेहरा ढक रखा था। डकैती की घटना को अंजाम देकर वे सभी लोग बरही चले गए। बरही निवासी विशेश्वर साव के घर पर उनलोगों ने रूक कर जेवरात का बंटवारा किया। डकैती की घटना में अजय व उपेन्द्र ने कट्टा तथा भोला उर्फ जगदीश मेहता ने चाकू का इस्तमाल किया था। पुलिस ने डकैती की घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री कंबोज ने बताया कि जगदीश मेहता उर्फ भोला तथा अजय कुमार उर्फ छोटू पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत जेल जा चुके है। तब इनलोगों के पास बम व कट्टा मिला था।
अपराधियों के पास से सोने का एक हार, एक जोड़ी बाला, कान के तीन जोड़ी टॉप्स, एक मंगटीका, चांदी का पायल तथा एक मोबाइल सेट बरामद किया है। हालांकि अपराधियों ने सोने की एक अंगूठी तथा नाक के तीन बेसर गला दिये। अपराधियों ने जेवरात को 64 हजार 600 रुपये में बेच दिये थे। इस अभियान में इचाक थाना प्रभारी मदन मोहन सिंह, पदमा थाना प्रभारी मधु कुमार शर्मा, सुजीत राय एवं बरही पुलिस का सराहनीय योगदान रहा।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.