ranchiexpress.com   Web       
Home » Jharkhand » 25 July 2010 »

गोली मारकर क्रशर मुंशी की हत्या

रातूः रातू से सटे पिठोरिया थाना क्षेत्र के सांगा सियारटोली गांव स्थित मारखी टंगरा में आज सुबह अपराधियों ने झखराटांड निवासी मुई गोप (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना करीब साढ़े आठ बजे की है। गोली उसके सीने के बायीं ओर लगी है। वह संजय सिंह के क्रशर में मुंशी था। सूचना मिलते ही रातू के सब इंसपेक्टर आई.के. ठाकुर सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। वहीं पिठोरिया के थानेदार 12 बजे यहां आये। आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हे खरी-खोटी सुनायी और अपराधियों से मिलीभगत का भी आरोप लगाया। आधे घंटे तक उन्हें लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा। साढ़े बारह बजे पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर उसे अंत्यपरीक्षण के लिए रिम्स भेज दिया। अपराधियों की गोली के शिकार मुई गोप के भाई सोहराई गोप ने पिठोरिया थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। इसमें कहा गया है कि वह सीधे-साधे थे। किसी से उनकी दुश्मनी नहीं थी। संबंधियों से जमीन का भी विवाद नहीं है। अन्य दिनों की तरह आज सुबह वह सो कर उठे। नित्यक्रिया के बाद नास्ता किये और अपनी बजाज सुपर स्कूटर बीआर14-ए-2889 में डीजल का जर्किन लेकर निकले। आधे घंटे के बाद परिजनों को खबर मिली कि अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी है। मुई गोप का शव दिन के तीन बजे रातू स्थित उसके पैतृक गांव झखराटांड पहुंचा। शव के यहां आते ही परिजन फफक कर रो पड़े। विधवा पार्वती देवी पति के शव से लिपट कर विलाप कर रही थी। इसे देख कोई भी ऐसा नहीं, जिसके आंखों में आंसू न भर आया हो। मृतक के तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। इसमें सूरज, संदीप व प्रदीप तथा सुनीता, बबीता व बबली शामिल हैं। रातू सीओ ने मृतक की विधवा को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत तीन हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दी। देर शाम मुई गोप का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मुई गोप के शव को अंत्यपरीक्षण के लिए रिम्स भेजने से पूर्व पुलिस ने उसके पाकेट के पांच हजार नकद, नोकिया कंपनी का मोबाइल सेट व क्रशर मजदूरों की हाजिरी से संबंधित डायरी बरामद किया है। उसे उसके भाई सोहराई गोप को सुपुर्द कर दिया गया। मृतक मुई गोप हत्याकांड की दिलचस्प पहलु यह है कि जहां उसका शव पड़ा था, वह पिठोरिया थाने में आता है। जहां स्कूटर खड़ा था, वह कांके में, जबकि टोपी रातू थाना क्षेत्र में था। इससे आशंका जतायी जा रही है कि गोली लगने से पहले मुई की अपराधियों के साथ जमकर मारपीट हुई होगी। भागने के दौरान अपराधियों ने अपनी गमछी घटनास्थल पर ही छोड़ दी। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है।

 

Have your say!

Add your reaction below. Be nice. Keep it clean. Stay on topic. No spam.

Your comments will be moderated. Please refrain from making any comments which contain hatred / racial / abusive language. We reserve the right to not publish / moderate your comment without specifying any reasons whatsoever.